भारतीय लंबे अंतराल के बाद 6 जून को टेस्ट मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेगी, जिसमें उसका सामना एक टेस्ट मैच की सीरीज में अफगानिस्तान से होगा। दोनों टीमों के बीच ये मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाएगा जहां पर अब तक सिर्फ एक टी20 मुकाबला खेला गया। ऐसे में इस टेस्ट मुकाबले को लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं। टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल जिन्होंने इस जिम्मेदारी को मिलने के बाद बल्ले से काफी शानदार खेल दिखाया है उनको बतौर कप्तान टेस्ट में अपने 1000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 50 रनों की दरकार है और वह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय कप्तान बन जाएंगे।
Khabar Monkey

गावस्कर के बाद बनेंगे गिल सबसे तेज 1000 रन पूरा करने वाले दूसरे टीम इंडिया के कप्तान
टेस्ट क्रिकेट में अब तक भारतीय टीम के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी को कई खिलाड़ियों ने संभाला है, जिसमें से कुछ ही ऐसे प्लेयर रहे हैं जिनका बल्ले से कमाल देखने को मिला है। अब इसी खास लिस्ट में शुभमन गिल के पास भी एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका है। साल 2025 में जब शुभमन गिल ने बतौर कप्तान अपनी पहले टेस्ट सीरीज खेली थी जो इंग्लैंड के दौरे पर थी उसमें उनके बल्ले का कमाल जबरदस्त देखने को मिला था। गिल ने इस सीरीज में कुल 10 पारियों में उन्होंने 75.4 के बेहतरीन औसत के साथ 754 रन बनाए थे। अभी तक गिल ने बतौर टेस्ट कप्तान कुल 8 टेस्ट मैचों की 14 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 79.16 के औसत से 950 रन बनाए हैं। ऐसे में यदि वह अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले टेस्ट मुकाबले में 50 रन और बनाने में कामयाब होते हैं तो भारत की तरफ से टेस्ट में 1000 रन सबसे कम पारियों में पूरा करने वाले दूसरे कप्तान बन जाएंगे। इस फॉर्मेट में भारतीय कप्तान के रूप में सबसे कम पारियों में 1000 रन पूरा करने का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम पर है, जिन्होंने सिर्फ 14 पारियों में ये कारनामा किया था।
टेस्ट में बतौर भारतीय कप्तान कोहली ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
शुभमन गिल ने टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान अभी शुरुआत ही की है, जिसमें उन्हें सिर्फ 8 मैचों में इस जिम्मेदारी को संभालने का मौका मिला है। वहीं गिल टेस्ट क्रिकेट में कप्तान के रूप में 1000 या उससे अधिक रन बनाने वाले 11वें भारतीय बनेंगे। इस फॉर्मेट में बतौर टीम इंडिया के कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम पर है जिन्होंने 68 मैचों में इस जिम्मेदारी को संभालने के साथ 113 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 5864 रन बनाए हैं।












