India-Oman FTA: भारत और ओमान के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) सोमवार, 1 जून से लागू हो गया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। इस समझौते के तहत, भारत को ओमान के बाजार में 98.08 प्रतिशत टैरिफ लाइनों पर 100 प्रतिशत टैरिफ-फ्री पहुंच मिलेगी, जो कुल व्यापार मूल्य के 99.38 प्रतिशत हिस्से को कवर करती है। खासतौर पर कपड़े, कृषि उत्पाद, प्रोसेस्ड फूड, जेम्स और ज्यूलरी, ट्रांसपोर्ट कंपोनेंट्स और प्रीसिजन इंस्ट्रूमेंट्स के एक्सपोर्ट में बढ़ोतरी की संभावना है। पीयूष गोयल ने कहा कि भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) से देश के अलग-अलग सेक्टरों में काम करने वाले घरेलू निर्यातकों को जबरदस्त फायदा होगा।
Khabar Monkey

भारत और ओमान ने पिछले साल 18 दिसंबर को समझौते पर किए थे हस्ताक्षर
इस समझौते की वजह से अब भारतीय निर्यातकों को प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में ओमान के बाजार में तरजीही पहुंच प्राप्त होगी। मंत्री ने सोमवार को मीडिया के साथ बातचीत करते हुए कहा, ”भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता आज से प्रभावी हो रहा है।” बताते चलें कि भारत और ओमान ने पिछले साल मस्कट में मुक्त व्यापार समझौते पर 18 दिसंबर, 2025 को हस्ताक्षर किए थे। दोनों देशों द्वारा आंतरिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद, समझौता 1 जून, 2026 से प्रभावी हो गया। समझौते के लागू होने के उपलक्ष्य में, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई से कृषि और रत्न एवं आभूषण उत्पादों की लगभग 10 खेप तरजीही दरों के तहत खाड़ी देश को भेजी गईं।
खाड़ी क्षेत्र में भारत का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है ओमान
ओमान खाड़ी क्षेत्र में भारत का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और अपने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बंदरगाह बुनियादी ढांचे के माध्यम से व्यापक जीसीसी (खाड़ी सहयोग परिषद) बाजार के लिए एक रणनीतिक प्रवेश द्वार के रूप में काम करता है। भारत और ओमान के बीच हुआ ये समझौता, नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में लागू होने वाला 5वां फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) है। इससे पहले भारत ने मॉरीशस, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), ऑस्ट्रेलिया और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के साथ व्यापार समझौते लागू कर चुका है। इसके अलावा ब्रिटेन और न्यूजीलैंड के साथ भी व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत और ओमान के बीच 11.18 अरब डॉलर का व्यापार हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 के 10.61 अरब डॉलर से ज्यादा है। इस दौरान भारत का निर्यात 4.02 अरब डॉलर और आयात 7.16 अरब डॉलर रहा।












