Sunday, May 31, 2026
HealthViral

खुबानी से बनाएं ये 3 शानदार रेसिपीज, स्वाद के साथ मिलेंगे सेहत से जुड़े कई फायदे

खुबानी से बनाएं ये 3 शानदार रेसिपीज, स्वाद के साथ मिलेंगे सेहत से जुड़े कई फायदे

Khubani Dry Fruit Recipe: सूखे मेवे तो हम सभी खाते हैं लेकिन सुनहरे-भूरे रंग की खुबानी की ओर हमारा ध्यान कम ही जाता है। यह ऐसा प्राकृतिक फल है जो कच्चा भी खाया जाता है और सुखाकर भी खाया जाता है। मगर जब उसे सुखा दिया जाता है तो यह पोषक तत्त्वों से भरपूर मेवा बन जाता है। बच्चों से लेकर बढ़ती उम्र के लोगों के लिए यह फायदेमंद है। इससे आप कुछ डिशेज में शामिल कर सकते हैं जो स्वाद में लाजवाब होती हैं।

खुबानी से बनाएं ये 3 शानदार रेसिपीज, स्वाद के साथ मिलेंगे सेहत से जुड़े कई फायदे
खुबानी से बनाएं ये 3 शानदार रेसिपीज, स्वाद के साथ मिलेंगे सेहत से जुड़े कई फायदे

खुबानी का मीठा

हैदराबाद की फेमस मिठाई खुबानी का मीठा घर पर बनाकर ट्राई कर सकते हैं। इसे सूखी खुबानी, चीनी और ड्राई फ्रूट्स की मदद से बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले सूखी खुबानी को अच्छे से धोकर रात भर भिगोने के लिए रख दें। भीगी हुई खुबानी से बीज निकाल लें। अब एक पैन में खुबानी और उसका भिगोया हुआ पानी डालकर मध्यम आंच पर पकने दें। जब खुबानी नरम हो जाए तो इसमें चीनी डालें और अच्छे से मिक्स करें। 10 से 15 मिनट पकने के बाद यह हल्का गाढ़ा हो जाएगा। इसमें इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स डालकर सर्व करें।

खुबानी की स्मूदी

गर्मी में कुछ हेल्दी और मीठा खाना चाहते हैं तो खुबानी की स्मूदी रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए खुबानी को अच्छी तरह से धोकर बीज निकाल लें। अब खुबानी के साथ मिक्सर जार में दूध, शहद और केला या अन्य पसंदीदा फ्रूट डालें। इसे अच्छे से ब्लेंड कर लें। अब एक गिलास में चिया सीड्स और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर गार्निश करें। इसे आप सुबह नाश्ते, वर्कआउट के बाद या शाम के समय ले सकते हैं।

Khabar Monkey

खुबानी का हलवा

घर पर आसानी से आप खुबानी का हलवा बना सकते हैं जिसका स्वाद लाजवाब होता है। इसके लिए सूखी खुबानी को रातभर भिगोकर रखें और इसके बीज निकाल लें। अब मिक्सर में पीसकर पेस्ट तैयार करें। अब एक कड़ाही में घी गर्म करें। इसमें काजू, बादाम व पिस्ता हल्का सुनहरा होने तक भून लें। अब इन्हें निकाल लें। इसी कड़ाही में खुबानी का पेस्ट डालें और मध्यम आंच पर पकने दें। कुछ देर बाद इसमें चीनी और पानी डालकर चलाते रहें। जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए तो इसमें ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर डालें। 2-3 मिनट पकने के बाद गैस बंद करके हलवे को बाउल में निकाल लें।

खुबानी के फायदे

खुबानी में पर्याप्त मात्रा में कैलोरी होती है। निश्चित मात्रा में फाइबर के साथ आयरन भी पाया जाता है। सबसे खास बात यह कि हड्डियों को मजबूत बनाने वाले तत्त्व जैसे कैल्शियम और मैग्नीशियम भी इसमें पाए जाते हैं। शक्तिशाली एंटीआक्सीडेंट के रूप में बीटा कैरोटीन भी इसमें मौजूद होता है जो स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। वहीं विटामिन ए और सी की मात्रा भी खुबानी की पोषकता को समृद्ध करती है। इसमें पोटेशियम की मात्रा भी पाई जाती है।

आयरन की कमी करे दूर

शरीर में आयरन की कमी से आम तौर पर लोग कभी न कभी जरूर प्रभावित होते हैं। महिलाओं में प्राय: आयरन की कमी हो जाती है। इससे उन्हें कमजोरी और थकान महसूस होती है। पर्याप्त नींद लेने पर भी लगातार थकान महसूस हो रही है, तो इसका मतलब है कि शरीर में लौह तत्त्व की कमी हो गई है। ऐसे में आसान-सा नुस्खा है। अगर रात भर भिगो कर रखी खुबानी खाएं, तो आयरन की कमी पूरी हो जाती है। तीन-चार सूखी खुबानी के सेवन से हीमोग्लोबिन के स्तर में भी सुधार होता है। इसके नियमित सेवन से शरीर को स्फूर्ति मिलती है। गर्भावस्था के दौरान यह महिलाओं के लिए भी फायदेमंद है।

खिली रहे त्वचा

सूखी खुबानी को त्वचा स्वास्थ्य के लिए अच्छा माना गया है। सबसे बड़ी बात कि यह बढ़ती उम्र के असर को भी रोकता है। दरअसल, इसमें मौजूद विटामिन ए और सी मिल कर त्वचा की लोच बढ़ाते हैं, जिससे झुर्रियां कम होती हैं। इसमें मौजूद बीटा कैरोटीन आंतरिक रूप से तेज धूप से सुरक्षा करता है। इससे सनबर्न का खतरा कम हो जाता है। कुल मिला कर खुबानी का नियमित सेवन किया जाए तो इससे त्वचा की चमक तो बढ़ती ही है।

हड्डियां करे मजबूत

सूखी खुबानी में ऐसे कई महत्त्वपूर्ण खनिज होते हैं जो हड्डियों को मजबूत करते हैं। इससे आस्टियोपोरोसिस का खतरा कम हो जाता है। दरअसल इसमें मौजूद कैल्शियम और मैग्नीशियम हड्डियों की संरचना को बनाए रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा आंखों के लिए भी खुबानी बहुत फायदेमंद है। इसमें मौजूद विटामिन ए और बीटा कैरोटीन कमजोर दृष्टि को ठीक करता है। वहीं इसमें पोटेशियम रक्तचाप को नियंत्रित करता है। खुबानी में फाइबर की मौजूदगी कब्ज से छुटकारा दिलाती है। इससे आंतों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।

Leave a Reply