तमिल अभिनेता अजित कुमार की मां मोहिनी का शनिवार को 85 साल की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं और उन्होंने चेन्नई के एक प्राइवेट अस्पताल में अंतिम सांस ली। बता दें कि अभिनेता की मां पलावककम इलाके में रहती थीं।

उनके निधन की खबर सुनने के बाद अब तमिल फिल्म इंडस्ट्री के सेलेब्स और अजित के फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं रिपोर्ट्स के अनुसार, अजित कुमार को जब यह खबर मिली, तब वह दुबई में थे और अब वह अपने परिवार के साथ चेन्नई लौट आए हैं।
यह भी पढ़ें:
Khabar Monkey
कमल हासन ने जताया दुख
दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, “मुझे यह जानकर गहरा दुख हुआ कि अजित कुमार की मां श्रीमती मोहिनी मणि का निधन हो गया है। मैं अजित कुमार और उनके परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं, जो अपनी मां को खोने के दुख से गुजर रहे हैं।”
राधिका सरथकुमार ने लिखा, “प्रिय अजित, आपकी मां के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं और जीवन के इस दुखद दौर में आपको हिम्मत मिले, इसके लिए प्रार्थना करती हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने किया पोस्ट
इनके अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता विजय ने भी अजित कुमार की मां मोहिनी मणि के निधन पर अपना दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा, “अपने प्यारे दोस्त अजित कुमार की मां, श्रीमती मोहिनी के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ।
मैं प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा प्रभु के चरणों में शांति पाए। मैं अपने दोस्त अजित कुमार को, जो अपनी मां के खोने के दुख से गुजर रहे हैं। वह जीवन के हर पड़ाव पर उनके लिए एक मजबूत सहारा और प्यार का आंचल थीं और उनके परिवार के सदस्यों को अपनी गहरी संवेदनाएं भेजता हूं।”
रविवार को होगा अंतिम संस्कार
मोहिनी मणि का अंतिम संस्कार रविवार को चेन्नई में होने की उम्मीद है, जिसमें परिवार के सदस्य, दोस्त और फिल्म जगत से जुड़े लोग उन्हें अपनी अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। बता दें कि अजित कुमार के जीवन को संवारने में मोहिनी मणि ने एक अहम भूमिका निभाई थी। एक्टर ने अपनी चैरिटी पहल ‘मोहिनी मणि फाउंडेशन’ का नाम अपनी मां के नाम पर ही रखा था। इस फाउंडेशन के जरिए, उन्होंने स्वच्छता, नागरिक जागरूकता और समाज कल्याण से जुड़े कार्यों में सहयोग दिया है।
यह भी पढ़ें:





