इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का दूसरा क्वालीफायर मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीम के बीच में खेला जाएगा। जीटी को पहले क्वालीफायर मैच में जहां डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एकतरफा हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद अभी उनके पास फाइनल में पहुंचने का एक मौका और बाकी है। वहीं राजस्थान रॉयल्स ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से मात देने के साथ दूसरे क्वालीफायर के लिए अपनी जगह को पक्का किया है, जिसमें उनको जीत दिलाने में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से निकली 97 रनों की पारी ने अहम भूमिका अदा की थी। अब गुजरात टाइटंस की टीम के सामने वैभव को रोकने की सबसे बड़ी चुनौती रहने वाली है, जिसको लेकर मुकाबले से पहले उनके असिस्टेंट और बल्लेबाजी कोच पार्थिव पटेल का बड़ा बयान सामने आया है।

हमने उसके वीडियो देखकर आउट करने का प्लान बनाया है
वैभव सूर्यवंशी अभी आईपीएल 2026 के सीजन में 15 मैचों में खेलते हुए 680 रन बनाने के साथ ऑरेंज कैप पर अपना कब्जा बनाए हुए हैं। गुजरात टाइटंस टीम के असिस्टेंट कोच पार्थिव पटेल ने दूसरे क्वालीफायर मुकाबले से एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में वैभव सूर्यवंशी को रोकने के प्लान के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहे हैं उसे देखकर काफी अच्छा लगा। हम उम्मीद करते हैं कि उनको जल्दी पवेलियन भेजने में कामयाब होंगे। दूसरी टीमों ने भी उनको जल्दी आउट करने का प्लान बनाया था लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो सके। हमने वैभव की बल्लेबाजी के वीडियो देखें हैं और उम्मीद है कि हम उनके खिलाफ अपने प्लान को बेहतर तरीके से लागू करने में कामयाब हो सकेंगे।
Khabar Monkey
वह एक जबरदस्त टैलेंट है
पार्थिव पटेल ने वैभव सूर्यवंशी के प्रतिभा को लेकर भी बयान दिया जिसमें उन्होंने 15 साल के इस युवा खिलाड़ी की तारीफ करते हुए कहा कि मैंने पिछली बार कहा था कि हमें उसकी उम्र को लेकर बातें बंद कर देनी चाहिए। वह एक जबरदस्त टैलेंट है और जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहा है उसे खेलते देखना सभी को अच्छा लगता है। हालांकि अगर विरोधी टीम के नजरिए से हम देखें तो हमारी कोशिश उसे किसी तरह से इस मैच में आसानी से कोई रन बनाने का मौका ना देने की रहने वाली है।





