ओडिशा के नयागढ़ जिले से के रणपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव में संपत्ति के लालच में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या का आरोप किसी बाहरी पर नहीं, बल्कि महिला के सगे भांजे और उसकी पत्नी पर लगा है, जिन्हें महिला ने बेटे की तरह पाला था।

मृतका की पहचान हाड़ी बेवा के रूप में हुई है, जिनकी कोई संतान नहीं थी। इसी वजह से करीब 15 साल पहले उन्होंने अपनी बड़ी बहन के बेटे नृसिंह बेहरा को अपने पास बुला लिया था और उसे अपने बेटे की तरह पाल-पोसकर बड़ा किया।
गांव वालों के अनुसार, बुजुर्ग महिला ने अपनी पूरी संपत्ति भी नृसिंह के नाम रजिस्टर कर दी थी। संपत्ति नाम होने के बावजूद, कथित तौर पर इसी बात को लेकर घर के अंदर काफी समय से विवाद चल रहा था।
चीखने-चिल्लाने की आवाजें आईं
मंगलवार रात को हाड़ी बेवा हमेशा की तरह खाना खाकर सोने चली गईं। लेकिन बुधवार तड़के उनके कमरे से अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। इससे पड़ोसियों को शक हुआ। आस-पास के लोग घर पहुंचे और घर का दरवाजा खटखटाया, तो किसी ने जवाब नहीं दिया। कुछ देर बाद मृत महिला की बहू बाहर निकल कर आई और ग्रामीणों को सूचना दी कि महिला बेहोश हो गई हैं और जवाब नहीं दे रही हैं। ग्रामीण जब घर पहुंचे तो बुजुर्ग महिला मृत अवस्था में पड़ी मिलीं।
Khabar Monkey
मृतका के पड़ोसी ने क्या बताया?
मृतका के पड़ोसी ऑरोबिंदो बेहेरा ने कहा, “मैं जब भोर में लगभग 4:30 पर उठा, तो मैंने मृत महिला के चीखें सुनीं। उनका नाम हाड़ी बेवा है। एक और पड़ोसी भी घर के पास खड़ी होकर सुन रही थी कि क्यों यह चीखें आ रही हैं। मैंने जब उस पड़ोसी से पूछा कि क्या हुआ, क्यों आवाज़ें आ रही हैं, तो उन्होंने मुझे बुलाया। मैंने जब घर का दरवाजा जोर-जोर से खटखटाया, तो चीखें बंद हो गईं और किसी ने दरवाजा नहीं खोला। मेरे जोर-जोर से खटखटाने के बावजूद किसी ने न आवाज दी और न ही किसी ने दरवाजा खोला। बंद दरवाजे के अंदर मृत महिला,उनका भांजा- उसकी पत्नी और छोटा बेटा था। भांजे का नाम नृसिंह चरण बेहेरा और उसकी पत्नी का नाम रश्मिता बेहेरा है। जोर-जोर से दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला, तो हमने सोचा कि शायद वृद्ध महिला की तबीयत खराब होगी, इसलिए वह चिल्ला रही होगी। कुछ देर बाद हम वहां से चले गए। 15-20 मिनट बाद घर के अंदर से नृसिंह की पत्नी रश्मिता बाहर आई और उसने कहा कि महिला बेहोश हो गई है और कुछ बोल नहीं रही है,उसने हमें घर के अंदर बुलाया। हमें पूरा शक है कि उन्होंने ही वृद्ध महिला को मार दिया।”
(रिपोर्ट- शुभम कुमार)
–





