
Lakhimpur Kheri : राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर शातिर लुटेरा गिरोह की सक्रियता सामने आई है। पसगवां थाना क्षेत्र के कस्बा जंगबहादुरगंज में दिनदहाड़े एक 60 वर्षीय अधेड़ को कार में बैठाकर लूट लिए जाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पीड़ित को आरोपियों ने चलती कार में दबोचकर नगदी व सामान लूट लिया और बाद में दूसरे जनपद में ले जाकर सड़क किनारे धक्का देकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार, हरदोई जनपद के थाना पिहानी क्षेत्र के ग्राम सरैयां निवासी लियाकत अली पुत्र मुस्ताक अली रविवार दोपहर करीब 2 बजे जंगबहादुरगंज कस्बे में हाईवे पर चौकी मार्ग के सामने गांव जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार वहां आकर रुकी। कार में सवार तीन लोगों ने उनसे गंतव्य पूछा और रास्ता समान होने की बात कहकर उन्हें गाड़ी में बैठा लिया।
पीड़ित का आरोप है कि गाड़ी में बैठते ही आरोपियों ने उन्हें दबोच लिया और नीचे की ओर दबाकर रखा ताकि बाहर से कोई देख न सके। बदमाशों ने उनसे 1630 रुपये नकद, सूती चारपाई वाली नेबाद तथा मोबाइल फोन छीन लिया। हालांकि, मोबाइल से दोनों सिम निकालकर फोन वापस कर दिया गया।
लियाकत अली ने बताया कि आरोपी उन्हें काफी दूर तक ले गए और बाद में जलालपुर गोपी मोड़, थाना पिहानी, जिला हरदोई के पास धक्का देकर उतार दिया। उतरने के बाद उन्होंने कार का नंबर देखने की कोशिश की, लेकिन पूरा नंबर स्पष्ट नहीं देख सके। उन्होंने केवल UP34 2737 नंबर नोट होने की बात कही है।

घटना के बाद पीड़ित ने जंगबहादुरगंज चौकी पहुंचकर पुलिस को लिखित सूचना दी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान से बुजुर्ग को कार में बैठाया गया, वहां समेत हाईवे के कई हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। यदि पुलिस गंभीरता से फुटेज खंगाले तो आरोपियों तक पहुंचा जा सकता है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, हाईवे पर इस प्रकार की घटनाएं पहले bhi हो चुकी हैं। कई राहगीर और कस्बे के लोग इसी तरह के गिरोह का शिकार बन चुके हैं। लोगों का आरोप है कि यह संगठित गिरोह शाहजहांपुर, लखीमपुर और सीतापुर जनपद तक सक्रिय है और अकेले यात्रियों को निशाना बनाता है।
पुलिस पर उठ रहे सवाल
घटना चौकी से महज 100 मीटर की दूरी और व्यस्त बाजार क्षेत्र में होने के कारण पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने हाईवे पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कह रही है।





