Virat Kohli: IPL 2026 का लीग स्टेज समाप्त हो चुका है और अब बारी है प्लेऑफ की। सीजन के क्वालिफायर-1 मुकाबले का 26 मई को धर्मशाला में आयोजन होने जा रहा है, जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की गुजरात टाइटंस से टक्कर होगी। आज का मुकाबला फाइनल के लिहाज से दोनों टीमों के लिए काफी अहम है, क्योंकि जो भी टीम जितेगी उसे सीधे फाइनल में जाने का टिकट मिल जाएगा। ऐसे में दोनों टीमों की नजर जीत पर लगी हैं।
Khabar Monkey

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लगातार दूसरी बार फाइनल खेलने के सपने के साथ धर्मशाला में उतरेगी, जहां विराट कोहली पर सभी की निगाहें टिकी होंगी। वैसे तो विराट कोहली ने अपने IPL करियर में रनों का अंबार लगाया है, लेकिन जब बात प्लेऑफ मुकाबलों की आती है तो यही विराट कोहली आंकड़ों के लिहाज से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं। IPL 2026 के क्वालिफायर-1 से पहले उनके प्लेऑफ रिकॉर्ड ने एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है।
IPL के सबसे बड़े बल्लेबाज विराट
विराट कोहली का IPL करियर किसी सपने से कम नहीं रहा है। उन्होंने अब तक 281 मैचों में 9218 रन बनाए हैं। उनके नाम 9 शतक और 67 अर्धशतक दर्ज हैं। इस दौरान उनका औसत 40.07 और स्ट्राइक रेट 134.39 का रहा है। 18 साल के लंबे इंतजार के बाद विराट कोहली और RCB ने 2025 में पहली बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब टीम लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की दहलीज पर खड़ी है।
शानदार फॉर्म में हैं किंग कोहली
इस सीजन भी विराट कोहली का बल्ला जमकर बोल रहा है। उन्होंने 14 पारियों में 557 रन बनाए हैं। उनका औसत 50.63 का है, जबकि स्ट्राइक रेट 163.82 रहा है, जो उनके IPL करियर के किसी भी सीजन में सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट है। IPL इतिहास के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली के लिए प्लेऑफ मुकाबले हमेशा उतने सफल नहीं रहे हैं। आंकड़ों पर नजर डालें, तो विराट ने अब तक IPL प्लेऑफ में 17 मैच खेले हैं। इन मुकाबलों में उनके बल्ले से सिर्फ 396 रन निकले हैं, जिसमें 2 अर्धशतक और 1 डक शामिल है।। इस दौरान उनका औसत 26.40 रहा है। अब कोहली के पास अपने इस रिकॉर्ड को सुधारने का मौका होगा।





