अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया विभाग की डायरेक्टर तुलसी गबार्ड के इस्तीफे पर ईरान ने उनकी तारीफ की है. आर्मेनिया स्थित ईरानी दूतावास ने तुलसी गबार्ड की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने ईरान के बारे में वह ‘सच’ बोला जिससे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप असहज थे.

एक्स पर एक पोस्ट में ईरानी दूतावास ने कहा, “हम अब्राहम के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हैं. आपने पहले भी कई बार यह दिखाया है कि आप अमेरिका के लिए काम करती हैं, इजरायल के लिए नहीं और कई बार आपने ईरान के बारे में ऐसी सच्चाईयां बताईं जिनसे ट्रंप नफरत करते थे. यह दुखद है कि आप जैसे व्यक्ति ने इस सरकार के साथ काम किया, जिसने अमेरिका को दरकिनार कर दिया है और इजरायल की कठपुतली बनकर काम कर रही है. शुभकामनाएं.”
Khabar Monkey
गबार्ड के इस्तीफे पर ट्रंप ने क्या बताया?
ट्रंप ने पुष्टि की है कि नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर तुलसी गबार्ड ने पति को कैंसर होने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. ट्रंप ने कहा कि नेशनल इंटेलिजेंस के प्रधान उप निदेशक आरोन लुकास अब कार्यवाहक राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के रूप में कार्यभार संभालेंगे. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दुर्भाग्यवश शानदार काम करने के बाद तुलसी गबार्ड 30 जून को अपना पद छोड़ रही हैं. उनके पति अब्राहम को हड्डी का कैंसर हुआ है और वह उनके साथ रहना चाहती हैं, ताकि वे दोनों मिलकर इस कठिन लड़ाई में उनका स्वास्थ्य सुधार सकें.
ट्रंप ने आगे कहा कि मुझे पूरा यकीन है कि वह जल्द ही पहले से भी बेहतर हो जाएंगे. उन्होंने बताया कि गबार्ड ने रिजाइन देते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि अपने पति के साथ रहना उनके लिए अत्यंत आवश्यक है.
जेडी वेंस ने की तारीफ
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने गबार्ड को देशभक्त बताया. एक पोस्ट में उन्होंने कहा, “तुलसी एक देशभक्त, प्रशासन के लिए ग्रेट एसेट और मेरी प्रिय मित्र हैं. उनके जाने का मुझे दुख है, लेकिन मैं समझता हूं कि परिवार सर्वोपरि है. वह और उनके पति अब्राहम इस नई चुनौती का एक साथ सामना करेंगे और मैं उनके प्रति आभारी हूं. प्रशासन में महत्वपूर्ण योगदान देने और एक वफादार विश्वासपात्र होने के लिए मैं उनका आभारी हूं. तुलसी को शुभकामनाएं.”





