उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खैर थाना क्षेत्र के गांव जरारा में एक पिता ने अपनी बेटी की महज इसलिए गला दबाकर हत्या कर दी, क्योंकि वह पड़ोस के ही एक युवक से फोन पर बात करती थी। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से बेटी के शव को खेत में ले जाकर गड्ढे में दबा दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर शव को बरामद कर लिया है।
Khabar Monkey

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका का नाम शिवानी (उम्र लगभग 19 वर्ष) था। शिवानी अपने ही गांव के रहने वाले और अपनी ही बिरादरी के एक पड़ोसी युवक से फोन पर बातचीत करती थी और दोनों में मित्रता थी। शिवानी का इस तरह युवक से बात करना उसके पिता पूरन सिंह को बिल्कुल पसंद नहीं था और वह इस बात से लगातार खिन्न और बेहद नाराज रहता था।
गुस्से में आकर बेटी का गला घोंट दिया
घटना वाले दिन इसी बात को लेकर पूरन सिंह का गुस्सा भड़क गया। आवेश में आकर उसने अपनी ही बेटी शिवानी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और गांव के ही एक खेत में गड्ढा खोदकर शव को उसमें छिपा दिया।
घटना की भनक लगते ही किसी ने पुलिस की पीआरवी को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही खैर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और भारी बल के साथ जरारा गांव पहुंची। पुलिस ने संदिग्ध पिता पूरन सिंह को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी कहानी पुलिस के सामने बयां कर दी।
गांव के ही लड़के से बात करती थी बेटी
मामले की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण मनीष कुमार ने बताया, “थाना खैर के जरारा गांव से पीआरवी पर सूचना प्राप्त हुई थी कि पूरन सिंह नामक व्यक्ति ने अपनी बेटी की हत्या कर शव छुपा दिया है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। आरोपी ने कुबूल किया कि उसकी 19-20 वर्षीय बेटी गांव के ही एक लड़के से बात करती थी, जिससे नाराज होकर उसने आवेश में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर शव को गड्ढे से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी पिता पूरन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
(रिपोर्ट- प्रदीप सारस्वत)
–





