आम पन्ना एक ट्रेडिशनल ड्रिंक है जो न सिर्फ टैंगी फ्लेवर की वजह से सबको पसंद होती है, बल्कि ये तेज गर्मी में लू से बचाए रखने में मदद करती है. कच्चे आम का मौसम आते ही घरों में आम पन्ना बनना शुरू हो जाता है. वहीं कुछ लोग इसका पल्प तैयार करके रख लेते हैं, ताकि फटाफट आम पन्ना तैयार किया जा सके, लेकिन ये ज्यादा लंबे समय तक स्टोर नहीं किया जा सकता है. कच्चे आम का सीजन खत्म होने पर ज्यादातर लोग मार्केट में मिलने वाले आम पन्ना पाउडर के पैकेट खरीद लेते हैं, लेकिन इसमें प्रिजर्वेटिव और रंग मिला होता है जो नुकसान कर सकता है. इस आर्टिकल में जानेंगे आम पन्ना का पाउडर घर पर बनाने का तरीका.
Khabar Monkey

मार्केट में इस वक्त भी कच्चे आम मिल रहे हैं. आप आम पन्ना का पाउडर बनाकर रख सकते हैं जो लंबे समय तक चलेगा और मेहमान आने पर आप झटपट इसे मिनटों में तैयार करके सर्व भी कर सकते हैं. तो चलिए देख लेते हैं आम पन्ना प्रीमिक्स पाउडर बनाने का तरीका.
क्या चाहिए इनग्रेडिएंट्स?
इस आम पन्ना प्रीमिक्स पाउडर को तैयार करने के लिए आपको चाहिए कच्चे आम, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, पुदीना की पत्तियां, कच्ची खांड, चाट मसाला और जरूरत के मुताबिक सफेद नमक. अब जान लें इसे बनाने का तरीका.
कैसे बनाएं आम पन्ना पाउडर?
- सबसे पहले सारे आम को कम से कम 2-3 पानी से अच्छी तरह धोकर साफ कर लें.
- आप इसको बिल्कुल पतला-पतला काट लें. इसके लिए आप आलू चिप्स वाली मशीन का यूज कर सकते हैं.
- अब आपको इन कटे हुए आम में सफेद नमक मिक्स करना है और धूप में कम से कम 2 घंटे के लिए सुखाएं.
- ध्यान रखें कि आम को सीधी धूप से बचाएं. इसके ऊपर आप कोई महीन कपड़ा डाल दें ताकि ये ढके रहें.
- आम के साथ ही आप पुदीना की पत्तियों को भी धोकर डंठल से अलग करने के बाद अच्छी तरह से सुखा लें.
Image:Pexels
- आम को तब तक सुखाना है जब तक कि ये बिल्कुल क्रंची न हो जाएं. इसके लिए आप एक टुकड़े को तोड़कर चेक कर लें.
- अब आपको सारे सूखे हुए आमों को थोड़ा-थोड़ा करके मिक्सर में पीसकर पाउडर बना लेना है.
- अब इसमें काला नमक, जरूरत के मुताबिक सफेद नमक, पिसी हुई खांड, चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर मिला दें.
- सुखाकर रखी गईं पुदीना की पत्तियां भी मिक्सर में पीसकर इसमें एड करें और थोड़ी सी पत्तियां क्रश करके मिलाएं.
ऐसे बनाएं आम पन्ना
इस प्रीमिक्स पाउडर को आप एक एयरटाइट कंटेनर में भरकर स्टोर कर लें. जब भी आपको आम पन्ना बनाना हो तो एक गिलास में ठंडा पानी डालें. क्रश करके थोड़ी सी आइस एड करें और फिर जरूरत के मुताबिक ये पाउडर मिलाकर घोल लें. बस तैयार हो जाएगा आपका आम पन्ना.





