Viral

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, दंपति की मौत

जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में एक बड़ा हादसा सामने आया है. यहाँ गुजरात से कश्मीर घूमने आए पर्यटकों की एक टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. इस दुखद दुर्घटना में गुजरात के एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी का स्थानीय ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया.

Khabar Monkey

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, दंपति की मौत
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, दंपति की मौत

पुलिस ने मृतकों की पहचान करने के बाद उनके परिजनों को सूचित कर दिया है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है. हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और रविवार शाम तक पीड़ितों के परिजनों के घटना स्थल पर पहुंचने की उम्मीद है.

पहलगाम से अरु जाते समय मंडलन के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, गुजरात के रहने वाले अशोक भाई अपनी पत्नी नैना के साथ कश्मीर के दौरे पर आए थे. शनिवार को जब वे टैक्सी (गाड़ी संख्या: JK21A-0379) में सवार होकर पहलगाम से अरु की तरफ जा रहे थे, तभी मंडलन के पास उनकी गाड़ी अचानक सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी.

इस हादसे में अशोक भाई और उनकी पत्नी नैना की जान चली गई. वहीं, कार चला रहे पहलगाम निवासी रईस अहमद भट्ट गंभीर रूप से जख्मी हो गए. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए उन्हें जीएमसी (GMC) अनंतनाग रेफर कर दिया गया है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, ड्राइवर के नियंत्रण खो देने की वजह से यह हादसा हुआ.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

पुलिस अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पर्यटकों को ले जा रहा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुजरात पुलिस और मृतकों के परिजनों को इस बात की जानकारी दे दी है. इसके साथ ही पुलिस टीम ने दुर्घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय पुलिस ने पहाड़ी रास्तों पर चलने वाले वाहन चालकों से बेहद सावधानी और सतर्कता से गाड़ी चलाने की अपील की है.

उल्लेखनीय है कि कश्मीर घाटी के इन पहाड़ी इलाकों में अक्सर इस तरह के सड़क हादसे सामने आते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन द्वारा दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए कोई पुख्ता एहतियाती कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.

Leave a Reply