बीते कारोबारी हफ्ते में भारतीय शेयर बाजार ने निवेशकों को मुस्कुराने का भरपूर मौका दिया है. एक तरफ जहां बाजार के मुख्य सूचकांकों ने अच्छी खासी बढ़त दर्ज की, वहीं देश की टॉप10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह ने अपनी झोली में 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की अतिरिक्त मार्केट वैल्यू डाल ली. आम निवेशक जो अपनी गाढ़ी कमाई बड़े और सुरक्षित शेयरों में लगाता है, उसके लिए यह हफ्ता लार्जकैप कंपनियों में भरोसे को और मजबूत करने वाला रहा. पूरे हफ्ते के दौरान बीएसई का बेंचमार्क सेंसेक्स 663.44 अंक की शानदार छलांग लगाकर बंद हुआ. इसी तरह एनएसई निफ्टी ने भी 214.85 अंक की मजबूत बढ़त दिखाई. बाजार की इस दमदार रैली के बीच सबसे बड़ा फायदा भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस के निवेशकों को मिला.

सेंसेक्स की तेजी में इन कंपनियों की चांदी
बाजार की इस चौतरफा तेजी में सबसे बड़े विजेता के तौर पर भारती एयरटेल उभर कर सामने आई. कंपनी की मार्केट वैल्यू में 36,529.21 करोड़ रुपये का बंपर उछाल आया, जिससे इसका कुल मार्केट कैप 11,63,877.30 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया. टेलीकॉम सेक्टर के बाद फाइनेंशियल सेक्टर ने भी बाजार को सहारा दिया. बजाज फाइनेंस के निवेशकों के लिए यह हफ्ता बेहतरीन रहा. इसके मार्केट कैप में 33,059.83 करोड़ रुपये की सॉलिड बढ़ोतरी देखने को मिली और यह 6,43,141.36 करोड़ रुपये हो गया.
प्राइवेट बैंकिंग स्पेस में भी खरीदारी का साफ रुझान दिखा. दिग्गज आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 16,084.29 करोड़ रुपये चढ़कर 10,11,695.03 करोड़ रुपये के पार निकल गया. सबसे बड़े प्राइवेट बैंक, एचडीएफसी बैंक ने भी अपने मार्केट कैप में 7,664.89 करोड़ रुपये जोड़े. इसके अलावा, सरकारी बीमा कंपनी एलआईसी ने 8,601.99 करोड़ रुपये और एफएमसीजी प्रमुख हिंदुस्तान यूनिलीवर ने अपनी वैल्यू में 6,461.38 करोड़ रुपये का इजाफा दर्ज किया.
इन दिग्गज शेयरों को लगा तगड़ा झटका
शेयर बाजार में हमेशा एकतरफा तेजी नहीं होती. जहां एक तरफ छह कंपनियों ने बंपर मुनाफा कमाया, वहीं टॉप10 में शामिल चार अन्य कंपनियों को नुकसान भी उठाना पड़ा. इंफ्रास्ट्रक्चर दिग्गज लार्सन एंड टुब्रो के निवेशकों को सबसे ज्यादा निराशा हाथ लगी. मुनाफावसूली के चलते इस कंपनी का मार्केट कैप 26,572.2 करोड़ रुपये की भारी गिरावट के साथ 5,53,978.63 करोड़ रुपये रह गया.
देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी इस हफ्ते दबाव देखने को मिला. रिलायंस के वैल्यूएशन में 18,945.56 करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई. इसके अलावा, सरकारी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक एसबीआई का मार्केट कैप 4,846.08 करोड़ रुपये और आईटी सेक्टर की दिग्गज टीसीएस का मार्केट कैप 1,031.15 करोड़ रुपये घट गया.
रिलायंस इंडस्ट्रीज की बादशाहत बरकरार
मार्केट कैप में गिरावट के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी के ताज पर मजबूती से काबिज है. 17,64,981.36 करोड़ रुपये की भारीभरकम वैल्यू के साथ रिलायंस पहले नंबर पर है. इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक का नंबर आता है. टॉप 10 की लिस्ट में पांचवें से दसवें स्थान पर क्रमशः एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर ने अपनी जगह पक्की कर रखी है.
अगले हफ्ते इन नए शेयरों की होगी ग्रैंड एंट्री
अगर आप प्राइमरी मार्केट में पैसा लगाने के शौकीन हैं, तो नया कारोबारी हफ्ता आपके लिए एक्शन से भरपूर होने वाला है. 6 जुलाई को मेनबोर्ड सेगमेंट में एनएसई और बीएसई पर आस्था स्पिनटेक्स की लिस्टिंग होगी. इसी दिन बीएसई एसएमई पर एडॉन एग्रो कमोडिटीज की भी शुरुआत होगी.
7 जुलाई का दिन शेयर बाजार के लिए काफी व्यस्त रहेगा. इस दिन क्रैटिकल टेक, सीमैक्स रिसोर्सेज, अथर्व पॉलीप्लास्ट, संपर्क इंडिया लॉजिस्टिक्स, विनीत मोबाइल और तेजा इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज के शेयर अलगअलग प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे. इसके बाद 8 जुलाई को नैक पैकेजिंग और हफ्ते के अंत में 10 जुलाई को आईसी इलेक्ट्रिकल्स के शेयर बाजार में अपना सफर शुरू करेंगे.
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.




