शाम को जब हल्की-हल्की भूख लगी हो और सामने चाय के साथ गरमा-गरम ब्रेड पकौड़ा दिख जाए तो बहुत ही कम लोग इसे खाने से खुद को रोक पाते हैं। बाहर से कुरकुरा और अंदर से मसालेदार आलू की फिलिंग वाला यह स्नैक बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। इसे आप घर पर आसानी से बना सकते हैं। अगर आप भी स्ट्रीट स्टाइल ब्रेड पकौड़ा बनाना चाहती हैं, तो यहां जानिए इसकी आसान रेसिपी। इस रेसिपी से आपको सही बैटर और फिलिंग का तरीका पता चल पाएगा।

ब्रेड पकौड़ा बनाने की विधि
सबसे पहले करें आलू तैयार करें
बेड पकौड़ा बनाने के लिए सबसे पहले 3 मध्यम आकार लें। उन्हें उबाल लें। ध्यान रखें कि आलू ज्यादा गलने न पाएं। आप इन्हें प्रेशर कुकर में 2 से 3 सीटी आने तक पका सकती हैं। प्रेशर निकलने के बाद आलू चेक करें। अगर कांटा आसानी से अंदर चला जाए, तो आलू तैयार हैं। आलू हल्के ठंडे होने पर उनका छिलका उतार लें और मैश कर लें। चाहें तो इसमें थोड़ा उबला हुआ हरा मटर भी मिला सकती हैं।
स्टफिंग के लिए ऐसे बनाएं तड़का
एक पैन में 1 छोटा चम्मच तेल गर्म करें। इसमें आपको 1 छोटा चम्मच अदरक पेस्ट, 1 से 2 बारीक कटी हरी मिर्च, कुछ करी पत्ते डालकर भून लेने हैं। अगर पसंद हो तो थोड़ा सरसों दाना भी डाल सकती हैं।
अब मिलाएं मसाले
बेक पकौड़ा के लिए मसाले के लिए आपको ¼ छोटा चम्मच हींग, ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ¼ छोटा चम्मच हल्दी, ½ छोटा चम्मच गरम मसाला चाहिए होगा। सभी चीजों को आलू में मिलाएं।
इस तरह करें आलू की फिलिंग तैयार
अब मैश किए हुए आलू डालें और स्वादानुसार नमक मिलाएं। चाहें तो इसमें धनिया पत्ती और थोड़ा नींबू रस भी डाल सकती हैं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर गैस बंद कर दें।
Khabar Monkey
ब्रेड में स्टफिंग भरें
सबसे पहले एक ब्रेड स्लाइस लें और उस पर आलू की स्टफिंग फैलाएं। चाहें तो पहले हरी चटनी भी लगा सकती हैं। अब दूसरी ब्रेड स्लाइस रखकर हल्के हाथों से दबाएं ताकि स्टफिंग अच्छी तरह सेट हो जाए।
ब्रेड को काटें
अब ब्रेड को तिरछा काट लें। इसी तरह बाकी सभी ब्रेड तैयार कर लें।
ऐसे बनाएं परफेक्ट बैटर
एक बड़े बाउल में ¾ कप बेसन, ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ½ छोटा चम्मच अजवाइन, स्वादानुसार नमक मिलाएं। 2 से 3 बड़े चम्मच चावल का आटा या कॉर्नस्टार्च मिलाएं। साथ में ¼ छोटा चम्मच हल्दी मिलाएं। जरूरत के अनुसार पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें। बैटर इतना गाढ़ा होना चाहिए कि ब्रेड पर अच्छी तरह चिपक जाए।
ब्रेड पकौड़ा तलने का तरीका
सबसे पहले कड़ाही में तेल गरम करें। तेल सही तापमान पर है या नहीं, यह जांचने के लिए थोड़ा बैटर डालें। अगर बैटर धीरे-धीरे ऊपर आ जाए, तो तेल तैयार है।
ब्रेड को बैटर में डुबोएं
स्टफ्ड ब्रेड को सावधानी से बैटर में डुबोएं ताकि सभी तरफ बैटर लग जाए। अतिरिक्त बैटर हल्का झाड़ दें।
सुनहरा होने तक तलें
अब ब्रेड को गर्म तेल में डालें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तैयार पकौड़ों को टिश्यू पेपर या छलनी पर निकाल लें। गरमा-गरम ब्रेड पकौड़ों को हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ सर्व करें।





