5 साल से कम उम्र के बच्चे हमेशा शब्दों में अपनी भूख नहीं बता पाते. ऐसे में माता-पिता को उनके व्यवहार और रोजमर्रा की आदतों पर ध्यान देना जरूरी होता है. कई बार बच्चे अपनी जरूरतों को रोकर, इशारों से या व्यवहार में बदलाव के जरिए व्यक्त करते हैं, लेकिन माता-पिता इन संकेतों को समझ नहीं पाते. इसका कारण यह है कि छोटे बच्चों का व्यवहार भूख, थकान, नींद या असहजता जैसी कई स्थितियों में एक जैसा दिख सकता है.

अगर बच्चे के संकेतों को समय पर पहचान लिया जाए, तो उसकी पोषण संबंधी जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकता है. समय पर भोजन मिलने से बच्चे की बनी रहती है और उनका शारीरिक तथा मानसिक विकास सही ढंग से होता है. हर बच्चे की भूख और खाने की आदत अलग हो सकती है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि छोटे बच्चों में भूख लगने के संकेत कैसे पहचाने जाएं और कब विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है.
भूख लगने पर बच्चे में कौन से संकेत दिखाई देते हैं?
भूख लगने पर बच्चा चिड़चिड़ा हो सकता है, बार-बार रो सकता है या खाने की चीजों की ओर इशारा कर सकता है. कुछ बच्चे रसोई की ओर जाने लगते हैं या माता-पिता के आसपास अधिक रहने लगते हैं. छोटे बच्चों में खेलने में रुचि कम होना, ध्यान भटकना और सुस्ती महसूस होना भी भूख का संकेत हो सकता है. कई बार बच्चा बोतल, चम्मच, प्लेट या खाने का डिब्बा देखकर उत्साहित हो जाता है.
अगर लंबे समय से कुछ नहीं खाया है, तो उसका व्यवहार अचानक बदल सकता है. ऐसे संकेतों को समय पर पहचानना जरूरी है, ताकि बच्चे की पोषण संबंधी जरूरतें पूरी हो सकें और वह एक्टिव तथा खुश बने रहें.
बच्चे को समय पर खाना देना क्यों जरूरी है?
समय पर भोजन देने से बच्चे को एनर्जी, प्रोटीन, विटामिन और अन्य जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं, जो उसके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अहम हैं. इससे बच्चे की इम्यूनिटी मजबूत होती है और वह अधिक एक्टिव रहता है.
नियमित समय पर भोजन मिलने से बच्चे की खाने की आदतें बेहतर बनती हैं. इससे उसका वजन और लंबाई सही तरीके से बढ़ती है और पोषण की कमी का खतरा कम हो सकता है. साथ ही बच्चा दिनभर अधिक एनर्जेटिक महसूस करता है.
कब बच्चे की खाने की आदतों पर डॉक्टर से सलाह लें?
अगर बच्चा लंबे समय तक खाना खाने से मना करे, उसका वजन न बढ़े या वह उम्र के अनुसार कमजोर दिखाई दे, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. बार-बार उल्टी होना, भोजन के बाद पेट दर्द या लगातार सुस्ती भी जांच की जरूरत का संकेत हो सकते हैं.
Khabar Monkey
अगर बच्चा बहुत कम खाता हो, बार-बार बीमार पड़ता हो या उसकी वृद्धि प्रभावित हो रही हो, तो विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए. समय पर सलाह लेने से पोषण संबंधी समस्याओं को जल्दी पहचाना और ठीक किया जा सकता है.





