HealthViral

जल्दी खराब हो जाते हैं आम, जानें बिना फ्रिज के लंबे समय तक ताजा रखने के 7 देसी तरीके

ल्फांसो, केसर, लंगड़ा और दशहरी के अलावा कई और आम की किस्में हैं जिन्हें लोग गर्मी के मौसम में बड़े चाव से खाना पसंद करते हैं। गर्मियों में लोग अक्सर सस्ते दाम और अच्छी किस्में मिलने पर आम बड़ी मात्रा में खरीद लेते हैं। लेकिन तेज गर्मी में इन्हें लंबे समय तक ताजा रखना मुश्किल का काम होता है। ज्यादा गर्मी के कारण आम जल्दी पककर ज्यादा नरम हो जाते हैं, उनमें काले धब्बे पड़ जाते हैं, बदबू आने लगती है या फफूंदी लग जाती है और वे खराब हो जाते हैं।

जल्दी खराब हो जाते हैं आम, जानें बिना फ्रिज के लंबे समय तक ताजा रखने के 7 देसी तरीके
जल्दी खराब हो जाते हैं आम, जानें बिना फ्रिज के लंबे समय तक ताजा रखने के 7 देसी तरीके

हालांकि, कुछ पारंपरिक तरीके हैं जिनकी मदद से आप आम को ज्यादा समय तक ताजा रख सकते हैं। ये तरीके बिना फ्रिज के भी आम को ताजा रखने में मदद कर सकते हैं। आइए जानते हैं बिना फ्रिज के आमों को प्राकृतिक तरीके से कैसे ताजा रखें।

पहला तरीका
आमों को ज्यादा समय तक ताजा रखने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप पूरी तरह पके हुए आमों की जगह हल्के कच्चे या आधे पके हुए आम खरीदें। पूरी तरह पके आम गर्मियों में जल्दी खराब हो जाते हैं। वहीं, हल्के कच्चे आम धीरे-धीरे पकते हैं, जिससे उन्हें खाने के लिए ज्यादा समय मिलता है।

दूसरा तरीका
अधिक गर्मी और नमी दोनों आमों को जल्दी खराब कर देती हैं। ऐसे में आमों को घर की ऐसी जगह पर रखें जहां ठंडक और हवा आती हो। सीधी धूप वाली जगह पर आम नहीं रखना चाहिए।

तीसरा तरीका
कभी भी एक साथ ज्यादा आम नहीं रखना चाहिए, इससे गर्मी अंदर ही फंस जाती है और वे जल्दी पकने लगते हैं। इसके लिए उन्हें एक परत में टोकरी, ट्रे या अखबार बिछाकर रखना चाहिए। रोज हल्का पलटने से वे बराबर पकते हैं।

चौथा तरीका
जब फ्रिज नहीं था तब भी लोग पारंपरिक तरीके अपनाकर आम को लंबे समय तक ताजा रखते थे। इसके लिए चावल, गेहूं या अन्य सूखे अनाज में आम को रखने से नमी नियंत्रित रहती है, जिससे पकने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है। एक बड़े बर्तन या अनाज के बोरी में आमों को ऐसे रखें कि वे एक-दूसरे से न लगें। ऊपर से हल्के से अनाज डालकर ढक दें। यह तरीका आमों से निकलने वाले एथिलीन गैस को नियंत्रित करता है और उन्हें गर्मी से बचाता है।

Khabar Monkey

पांचवां तरीका
कच्चे आम कम गैस छोड़ते हैं, जबकि पके आम ज्यादा एथिलीन गैस छोड़ते हैं। ऐसे में हमेशा कच्चे, आधे पके और पूरी तरह पके आमों को अलग-अलग रखना चाहिए।

छठवां तरीका
प्लास्टिक बैग में आम को भूलकर भी नहीं रखना चाहिए। प्लास्टिक बैग नमी और गर्मी को रोक लेते हैं, जिससे आम जल्दी खराब होने लगते हैं। इसलिए आम को अखबार, ब्राउन पेपर या टिशू पेपर में लपेटकर रखना चाहिए। इससे ये अतिरिक्त नमी सोख लेते हैं, जिससे ये जल्दी खराब नहीं होते।

सातवां तरीका
आम को बार-बार धोने से बचना चाहिए, इससे ये जल्दी खराब हो सकते हैं। दरअसल, नमी के चलते फफूंदी लगने लगती है। ऐसे में आम को सिर्फ खाने से पहले धोना चाहिए। इसके अलावा गीले आम को बाकी आमों के साथ न रखें।


Leave a Reply