तेजी से बढ़ते पारे और चिलचिलाती धूप के बीच शरीर का तापमान (Body Heat) बढ़ना एक आम समस्या है, जो न केवल डिहाइड्रेशन बल्कि पाचन और स्किन संबंधी बीमारियों का कारण बनती हैं। आयुर्वेद में इस समस्या का एक बेहद प्रभावी समाधान ‘तुलसी के बीज’ हैं जिसे सब्जा के बीज भी कहा जाता है। आयुर्वेद में सब्जा के बीज को ‘नेचुरल कूलेंट’ (Natural Coolant) कहा गया है जिसे पानी में भिगोकर खाया जाता है। पानी के संपर्क में आते ही ये बीज एक जेल जैसी कोटिंग बना लेते हैं, जो पेट की परत को ठंडक पहुंचाती है और एसिडिटी को तुरंत शांत करती है।

आयुर्वेदिक एक्सपर्ट आचार्य बालकृष्ण के अनुसार इन सीड्स को अमृत इसलिए कहा जाता है क्योंकि ये न केवल पित्त को संतुलित करते हैं बल्कि शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने में भी मदद करते हैं। इन सीड्स का सेवन शरीर की कमजोरी और थकान को दूर करने में मददगार माना जाता हैं। इनमें फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने और पाचन को बेहतर बनाने में मददगार हो सकते हैं।
गर्मी में ये सीड्स वैज्ञानिक रूप से कैसे काम करते हैं?
आप जानते हैं कि ये छोटे-छोटे बीज पाचन के लिए वैज्ञानिक रूप से अमृत हैं। गर्मी में इनका सेवन करने से पेट ठंडा रखने में मदद मिलती है। ये सीड्स कब्ज और एसिडिटी में राहत देते है। फाइबर से भरपूर होने के कारण ये सीड्स वजन को कंट्रोल करते हैं। इसका सेवन करने से डायबिटीज मरीजों की ब्लड शुगर भी नॉर्मल रहती है। इन्हें 15–20 मिनट पानी में भिगोकर ही इनका सेवन करना चाहिए।
आयुर्वेद में तुलसी के बीजों को ठंडी तासीर वाला माना जाता है, इसलिए इन्हें शरीर की अतिरिक्त गर्मी को संतुलित करने में उपयोगी समझा जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मियों में इनका सेवन शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाने और पित्त दोष को कंट्रोल रखने में मदद कर सकता है। यही वजह है कि कई लोग इन्हें गर्म मौसम में अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं।
गर्मी में कमजोरी और थकान का इलाज हैं ये बीज
एक्सपर्ट के मुताबिक जिन लोगों को जल्दी थकान महसूस होती है या शरीर में कमजोरी बनी रहती है, वो तुलसी के बीज का सीमित मात्रा में सेवन कर सकते हैं। आयुर्वेद में तुलसी के बीज को मिश्री के साथ मिलाकर दूध के साथ लेने की सलाह दी जाती है। माना जाता है कि यह मिश्रण शरीर को ताकत देने, ऊर्जा बढ़ाने और कमजोरी कम करने में मदद कर सकता है।
डिहाइड्रेशन से होता है बचाव
ये बीज पानी सोखकर फूल जाते हैं, जिससे शरीर में पानी की कमी जल्दी नहीं होती और लंबे समय तक हाइड्रेशन बना रहता है। गर्मी में रोज इन बीजों को पानी में भिगोकर खाया जाए तो फायदा होगा।
Khabar Monkey
पाचन करते हैं दुरुस्त
ड्रिंक्स, फालूदा, डिटॉक्स वाटर और वेट लॉस में ज्यादा इस्तेमाल होने वाले तुलसी के बीज पाचन को दुरुस्त करते हैं। Food Hydrocolloids जर्नल में प्रकाशित शोध के अनुसार, तुलसी के बीजों के बाहरी आवरण में ‘पेक्टिन’ (Pectin) नामक घुलनशील फाइबर की प्रचुर मात्रा होती है। जब इन बीजों को पानी में भिगोया जाता है, तो ये अपने वजन से कई गुना ज्यादा पानी सोखकर एक ‘जेल’ बनाते हैं। यह जेल आंतों में जाकर मल को नरम बनाते है और कब्ज को जड़ से खत्म करने में मदद करते है।
स्किन के लिए भी है असरदार
इनमें एंटीऑक्सीडेंट और ओमेगा-3 फैटी एसिड पाए जाते हैं, जो स्किन को हेल्दी रखने में मदद कर सकते हैं। Journal of Dietary Supplements और कई डर्मेटोलॉजिकल शोधों के अनुसार, तुलसी के बीजों में फ्लेवोनोइड्स और फेनोलिक यौगिकों की उच्च मात्रा होती है। ये एंटीऑक्सीडेंट स्किन को ‘फ्री रेडिकल्स’ से बचाते हैं। फ्री रेडिकल्स त्वचा के कोलेजन को नष्ट करते हैं, जिससे झुर्रियां पड़ती हैं। तुलसी के बीज इस प्रक्रिया को धीमा कर एंटी-एजिंग प्रभाव छोड़ते हैं।
सब्जा के बीज का कैसे करें सेवन
- 1–2 चम्मच सब्जा के बीज का सेवन 15–20 मिनट पानी में भिगोकर कर सकते हैं। याद रखें कि इन सीड्स का सेवन फूलने के बाद ही करें।
- नींबू पानी में मिक्स करके इन्हें खा सकते हैं।
- नारियल पानी के साथ भी खा सकते हैं।
- फालूदा, दूध,स्मूदी और ठंडाई में मिलाकर इन सीड्स का सेवन करें।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी आयुर्वेदिक मान्यताओं और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। किसी भी घरेलू उपाय या जड़ी-बूटी का सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।





