भारतीय कुश्ती में विनेश फोगाट की वापसी को लेकर विवाद अब खेल से निकलकर राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया है। ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतने वाली पहली महिला पहलवान साक्षी मलिक ने जहां मां बनने के बाद खिलाड़ियों को दुनिया भर में मिलने वाली राहत का हवाला देते हुए भारतीय कुश्ती महासंघ से विनेश फोगाट को ट्रायल का मौका देने की अपील की है।

वहीं, भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने दावा किया कि WFI कभी बिना वजह किसी खिलाड़ी को नहीं रोकता। अगर रोक लगाया गया है तो उसके पीछे कोई कारण जरूर होगा। रोहतक से सांसद और कांग्रेस नेता दीपेंदर सिंह हुड्डा ने इसे ‘साजिश, बदला और अन्याय’ करार दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों के लिए न्याय मांगने की कीमत विनेश फोगाट आज भी चुका रही हैं।
रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) ने विनेश फोगाट को राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी है। डब्ल्यूएफआई का कहना है कि डोपिंग रोधी नियमों के तहत संन्यास लेने के बाद वापसी करने वाले किसी भी खिलाड़ी को छह महीने पहले नोटिस देना अनिवार्य होता है और विनेश फोगाट ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की। दूसरी ओर, दस महीने के बेटे की मां विनेश गोंडा में आयोजित टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पहुंचीं। उन्होंने साफ कर दिया कि वह पीछे हटने वाली नहीं हैं।
इस पूरे विवाद के बीच साक्षी मलिक खुलकर विनेश के समर्थन में सामने आईं। बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आंदोलन में दोनों पहलवान एक साथ नजर आई थीं। बाद में विनेश फोगाट के राजनीति में आने और कांग्रेस से जुड़ने के बाद दोनों के रास्ते अलग माने जाने लगे थे। अब साक्षी मलिक ने मंगलवार 12 मई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। साक्षी मलिक ने कहा कि दुनिया भर में मां बनने के बाद महिलाओं को वापसी के लिए नियमों में ढील दी जा रही है, दूसरी ओर विनेश की राह रोकने की कोशिश हो रही है।
साक्षी ने X पर पोस्ट वीडियो में कहा, ‘‘मुझसे इस मुद्दे पर राय मांगी गई थी और मैं पिछले दो-तीन दिनों से सोच रही थी, क्योंकि विनेश एक राजनीतिक दल की विधायक हैं और मेरा किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है, लेकिन मैं आपको ऐसे कई उदाहरण दे सकती हूं, जहां देशों ने अपने खिलाड़ियों के लिए नियमों में ढील दी ताकि महिलाएं मां बनने के बाद भी खेल सकें और देश के लिए पदक जीत सकें।’’
साक्षी मलिक ने कहा, ‘‘हालांकि, हमारा महासंघ ऐसे नियमों की बात कर रहा है जिससे विनेश की वापसी को रोका जा सके। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री मनसुख मांडविया और डब्ल्यूएफआई से आग्रह करती हूं कि विनेश का ट्रायल कराया जाए, ताकि वह भी देश के लिए पदक जीत सकें और मां बनने के बाद सफलता हासिल कर महिलाओं के लिए मिसाल बनें।’’
पूर्व सांसद और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘‘देखिए मेरे लिए ये जो रायता फैलाकर गईं हैं देवीजी, हम उसी से निपट रहे हैं। इस समय कोर्ट में हैं और वहां कुश्ती चल रही है। कुश्ती कहां होगी, कहां नहीं होगी, यह मेरा विषय नहीं है। यह विषय वर्तमान में जो डब्ल्यूएफआई है या भारतीय कुश्ती महासंघ है, यह उनका विषय है कि कहां होगी, कहां नहीं होगी, कौन खेलेगा कौन नहीं खेलेगा।’’
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘‘…लेकिन चूंकि मैं भारतीय कुश्ती महासंघ का बहुत दिनों तक अध्यक्ष रह चुका हूं, इसलिए अपने अनुभव के आधार पर कहता हूं कि डब्ल्यूएफआई कभी भी, किसी भी खिलाड़ी को खेलने से नहीं रोकता, क्योंकि डब्ल्यूएफआई खिलाड़ियों के लिए ही बनी है। अगर किसी को रोका गया होगा तो उसका कारण भी बताया गया होगा।’’
कांग्रेस नेता दीपेंदर सिंह हुड्डा ने अपने X अकाउंट पर विनेश फोगाट की फुटेज वाला वीडियो शेयर किया। सांसद दीपेंदर सिंह हुड्डा ने लिखा, ‘‘शुरू से लेकर आज तक सिर्फ साजिश, बदला और अन्याय! अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी पहलवान विनेश फोगाट को बेटियों के लिए न्याय मांगने की भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। इनके पाप का घड़ा भर चुका है जल्दी फूटेगा और न्याय की जीत होगी।’’
विनेश फोगाट तय वजन सीमा से 100 ग्राम अधिक पाए जाने के कारण 2024 पेरिस ओलंपिक का फाइनल नहीं खेल पाईं ( डिस्क्वालिफाई हो गईं) थीं। स्वदेश लौटने के बाद विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास की घोषणा कर दी थी। बाद में हरियाणा की इस पहलवान ने राजनीति में कदम रखा और उसी साल जुलाना विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुईं।
Khabar Monkey
जुलाई 2025 में विनेश फोगाट ने बेटे को जन्म दिया। पिछले साल 12 दिसंबर को विनेश फोगाट ने संन्यास से वापसी का ऐलान किया। एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगाट ने अप्रैल 2026 में आरोप लगाया कि उन्हें नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से ‘जानबूझकर रोका जा रहा’ है।
विनेश फोगाट ने 03 मई 2026 को दावा किया कि बृजभूषण शरण सिंह ने उनका भी यौन उत्पीड़न किया था। वह उन छह पहलवानों में से एक हैं, जिन्होंने बृजभूषण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। WFI ने शनिवार (9 मई 2026) को विनेश फोगट को डोपिंग रोधी और अनुशासनात्मक नियमों का उल्लंघन करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया। उनको 26 जून तक किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से रोक दिया था।





