डिजिटल एसेट्स यानी क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने वालों के लिए सुरक्षा हमेशा से सबसे बड़ी चिंता का विषय रही है. एक गलत लिंक पर क्लिक, फोन का गुम होना या फिर अकाउंट में कोई संदिग्ध गतिविधि… ये ऐसे पल होते हैं जब किसी भी निवेशक की सांसें अटक जाती हैं और रातों की नींद उड़ जाती है. इसी डर को दूर करने और ग्राहकों के फंड को हैकर्स से बचाने के लिए दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंजों में से एक, बाइनेंस (Binance) ने एक अहम कदम उठाया है. कंपनी ने ‘विथड्रॉल प्रोटेक्शन’ (Withdraw Protection) नाम से एक नया सुरक्षा कवच पेश किया है. यह फीचर ग्राहकों को अपने अकाउंट से ऑन-चेन निकासी को कुछ समय के लिए लॉक करने की ताकत देता है, जो संकट के समय आपके पैसों को सुरक्षित रखने में एक बड़ा गेम-चेंजर साबित हो सकता है.
Khabar Monkey

क्या है ‘विथड्रॉल प्रोटेक्शन’?
बाइनेंस का यह नया टूल खास तौर पर उन घबराहट भरे पलों के लिए डिजाइन किया गया है, जब आपको अचानक से लगता है कि आपका अकाउंट सुरक्षित नहीं है. इस फीचर की मदद से आप अपने डिजिटल एसेट्स को एक से लेकर सात दिन की अवधि के लिए पूरी तरह से लॉक कर सकते हैं. इस लॉक पीरियड के दौरान, आपके एक्सचेंज अकाउंट से कोई भी पैसा या क्रिप्टो ऑन-चेन ट्रांसफर नहीं किया जा सकेगा.
सीधा सा मतलब यह है कि अगर आपको अपने फंड पर अतिरिक्त नियंत्रण की जरूरत महसूस होती है, तो आप निकासी प्रक्रिया में जानबूझकर ब्रेक लगा सकते हैं. आप इस सुविधा को अपनी जरूरत के हिसाब से कभी भी चालू कर सकते हैं. इसके साथ ही, आपको यह तय करने का भी अधिकार मिलता है कि लॉक की गई अवधि से पहले फंड को अनलॉक करने की अनुमति दी जाए या नहीं.
हैकर्स के लिए ‘नो-एंट्री’
अगर आप समय से पहले अर्ली अनलॉकिंग का विकल्प चुनते हैं, तो सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम से गुजरना होगा. इसके लिए एक ऑथेंटिकेटर ऐप और एक सिक्योरिटी की (Security Key) दोनों का चालू होना अनिवार्य है. इसके अलावा, खाते की एक्स्ट्रा जांच के लिए ईमेल कंफर्मेशन और फोन या एसएमएस ऑथेंटिकेशन को भी जोड़ा जा सकता है.
वहीं, जो निवेशक अपने फंड को लेकर बिल्कुल भी जोखिम नहीं लेना चाहते, उनके लिए एक ‘सख्त लॉकडाउन’ विकल्प भी मौजूद है. इस मोड में समय से पहले अनलॉकिंग की सुविधा पूरी तरह से बंद हो जाती है. इसका मतलब है कि एक बार फंड लॉक होने के बाद, आपको तय की गई अवधि खत्म होने तक इंतजार करना ही होगा. सबसे खास बात यह है कि इन दोनों ही मोड में लागू किए गए लॉक पीरियड को खुद एक्सचेंज (Binance) द्वारा भी नहीं हटाया जा सकता.
किसे मिलेगा यह फीचर?
बाइनेंस के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर जिमी सू के मुताबिक, डिजिटल फाइनेंस की दुनिया में ग्राहकों की सुरक्षा सबसे अहम है. उनका कहना है कि सुरक्षा तभी सबसे ज्यादा प्रभावी होती है, जब वह प्रोएक्टिव हो और सीधे ग्राहक के नियंत्रण में हो. विथड्रॉल प्रोटेक्शन फीचर इसी सोच का नतीजा है, जो डिजिटल एसेट सेवाओं को और अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है.
यह फीचर धीरे-धीरे सभी क्षेत्रों में लाइव किया जा रहा है. अगर आप आईओएस (iOS) डिवाइस का इस्तेमाल करते हैं, तो इसके लिए आपका ऑपरेटिंग सिस्टम iOS 16 या उससे ऊपर के वर्जन पर होना चाहिए. साथ ही, बाइनेंस ऐप का वर्जन 3.14.0 या उससे नया होना जरूरी है. हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि यह टूल सुरक्षा का एक अतिरिक्त हिस्सा है, आपकी बुनियादी सावधानियों का विकल्प नहीं. निवेशकों को अभी भी अपने विथड्रॉल एड्रेस को वाइटलिस्ट करने, मजबूत पासवर्ड रखने और अपनी क्रिप्टो होल्डिंग्स के बारे में सार्वजनिक रूप से चर्चा करने से बचने की सलाह दी जाती है.





