बच्चों के पेट में कीड़े होना एक आम समस्या मानी जाती है, खासकर छोटे बच्चों में. यह परेशानी अक्सर गंदगी, बिना हाथ धोए खाना खाने या संक्रमित चीजों के संपर्क में आने से हो सकती है. पेट में कीड़े होने पर बच्चों की सेहत और विकास पर असर पड़ सकता है. कई बार इसके शुरुआती संकेत हल्के होते हैं, जिन्हें माता-पिता सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं.

बच्चों की कमजोर और साफ-सफाई का सही ध्यान न रखना इस समस्या का खतरा बढ़ा सकता है. कई बार बाहर की चीजें खाना, मिट्टी में खेलना या गंदे हाथ मुंह में डालना भी संक्रमण का कारण बन सकता है. अगर समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए, तो बच्चे की सेहत धीरे-धीरे प्रभावित होने लगती है. इसलिए जरूरी है कि माता-पिता बच्चों की आदतों और स्वास्थ्य में होने वाले बदलावों पर ध्यान दें. सही जानकारी और सावधानी से इस समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है.
पेट में कीड़े होने पर क्या लक्षण दिखते हैं?
आरएमएल हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग में डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि बताते हैं कि पेट में कीड़े होने पर बच्चों में कई तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं. बच्चे को बार-बार पेट दर्द, भूख कम लगना या अचानक ज्यादा भूख लगना जैसी समस्याएं हो सकती हैं. कई बार बच्चे कमजोर और थके हुए भी महसूस करने लगते हैं.
Khabar Monkey
इसके अलावा, पेट फूलना, वजन कम होना, उल्टी या दस्त जैसी दिक्कतें भी दिखाई दे सकती हैं. कुछ बच्चों को रात में ज्यादा बेचैनी या गुदा के आसपास खुजली की समस्या भी हो सकती है. अगर लंबे समय तक ये लक्षण बने रहें, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है.
बच्चों को पेट के कीड़ों से कैसे बचाएं?
बच्चों को पेट के कीड़ों से बचाने के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. बच्चों को खाना खाने से पहले और बाहर से आने के बाद हाथ धोने की आदत डालें. साफ और ताजा खाना खिलाएं और गंदे पानी से बचाएं.
इसके अलावा, बच्चों के नाखून छोटे रखें और उन्हें मिट्टी या गंदी चीजें मुंह में डालने से रोकें. समय-समय पर डॉक्टर की सलाह के अनुसार डीवॉर्मिंग दवा भी दी जा सकती है.
कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?
अगर बच्चे को लगातार पेट दर्द, कमजोरी, वजन कम होना या बार-बार उल्टी-दस्त की समस्या हो रही हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. इसके अलावा, अगर बच्चा खाना कम खाने लगे या बहुत ज्यादा चिड़चिड़ा रहने लगे, तो भी जांच जरूरी हो सकती है. समय पर इलाज से बच्चे की सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है.





