Milk Price Hike: आम आदमी को झटका देते हुए OMFED ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। दूध की कीमतों में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (OMFED) ने प्रोसेसिंग और ट्रांसपोर्टेशन की लागत में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए दूध की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद ओडिशा में दूध की कीमतें 54 रुपये से लेकर 64 रुपये प्रति लीटर तक हो गई हैं, जो पहले 50 रुपये से लेकर 60 रुपये प्रति लीटर तक थीं।

अब 64 रुपये में मिलेगा 1 लीटर गोल्ड प्रीमियम प्लस दूध
राज्य के मत्स्य और पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मलिक ने टोन्ड दूध की कीमत 50 रुपये से बढ़ाकर 54 रुपये प्रति लीटर कर दी है, जबकि प्रीमियम दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 58 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसी तरह, गोल्ड प्रीमियम दूध की कीमत 56 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि गोल्ड प्रीमियम प्लस वैरायटी की कीमत अब 60 रुपये से बढ़कर 64 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। उन्होंने बताया कि दूध की नई कीमतें रविवार से लागू हो गई हैं।
आधा लीटर वाले दूध की पैकेट पर 2-2 रुपये की बढ़ोतरी
गोकुलानंद मलिक ने कहा कि टोन्ड दूध की 500 मिलीलीटर (आधा लीटर) वाली थैली 27 रुपये और प्रीमियम दूध की 500 मिलीलीटर वाली थैली 29 रुपये में बिकेंगी, जो पहले क्रमश: 25 रुपये और 27 रुपये में बिकती थीं। मंत्री ने कहा कि प्रोसेसिंग और ट्रांसपोर्टेशन की लागत में हुई बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए कीमतों में ये बढ़ोतरी की गई है। मलिक ने कहा, “दूध की कीमतों में लंबे समय से कोई बदलाव नहीं किया गया था। किसानों के फायदे के लिए हम दूध ज्यादा कीमत पर खरीदेंगे।
किसानों को मिलेगा फायदा
मंत्री ने कहा कि दूसरी ब्रांडेड कंपनियों की तुलना में Omfed की कीमतें अब भी काफी कम हैं। इसके साथ ही उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि दूध की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस बीच, Omfed ने किसानों से खरीदे जाने वाले गाय के दूध की कीमत भी 1 रुपये बढ़ाकर 39.05 रुपये प्रति लीटर कर दी है। इसी तरह, किसान अब Omfed को भैंस का दूध बेचने पर प्रति लीटर 1.60 रुपये ज्यादा पाएंगे।



