वर्ल्ड क्रिकेट में इस समय दो टी20 लीग खेली जा रही हैं, जिसमें सबसे ज्यादा ध्यान सभी का इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन पर है। वहीं दूसरी टी20 लीग पाकिस्तान सुपर लीग खेली जा रही है, जिसका ये 11वां सीजन खेला जा रहा है। पीएसएल 2026 सीजन का फाइनल मुकाबला तीन मई को पेशावर जाल्मी और हैदराबाद किंग्समेन टीम के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें उससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस सीजन विजेता और उपविजेता टीम को मिलने वाली प्राइज मनी का ऐलान कर दिया है। पीसीबी लगातार अपनी टी20 लीग को आईपीएल से बेहतर बताने की कोशिश करती रहती है, लेकिन प्राइज मनी का ऐलान होने के बाद उनकी पूरी पोल पट्टी खुलकर सामने आ गई।

पीएसएल विजेता टीम को 5 करोड़ रुपये से भी कम मिलेगी प्राइज मनी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पीएसएल 2026 को लेकर जो प्राइज मनी का ऐलान किया है उसमें उन्होंने विजेता टीम को 500,000 यूएस डॉलर देने का ऐलान किया है। मौजूदा समय में यदि इसे भारतीय रुपये में देखा जाए तो 47455250 रुपये आती है जिसमें ये 5 करोड़ रुपये से भी कम है। वहीं उपविजेता टीम को 300,000 यूएस डॉलर मिलेंगे यानी 28473150 रुपये दिए जाएंगे जिसमें रनरअप टीम को 3 करोड़ रुपये से भी कम मिलेंगे। ऐसे में आईपीएल के मुकाबले पीएसएल की विजेता टीम को मिलने वाली प्राइज मनी में काफी बड़ा अंतर देखने को मिलता है।
आईपीएल में पिछले सीजन विजेता टीम को मिले थे 20 करोड़ रुपये
बीसीसीआई की तरफ से अभी इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का खिताब जीतने वाली टीम को प्राइज मनी के रूप में कितने रुपये मिलेंगे इसको लेकर ऐलान नहीं किया गया है। हालांकि पिछले सीजन को लेकर देखा जाए तो उसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जब आईपीएल 2025 की ट्रॉफी जीती थी तो उन्हें प्राइज मनी के रूप में कुल 20 करोड़ रुपये मिले थे, जबकि रनरअप रहने वाली पंजाब किंग्स की टीम को 12.5 करोड़ रुपये प्राइज मनी के रूप में दिए गए थे। ऐसे में आईपीएल और पीएसएल की विजेता टीम को मिलने वाली प्राइज मनी के बीच का अंतर देखा जाए तो वह 15 करोड़ रुपये से भी अधिक का देखने को मिलता है, जिसमें बीसीसीआई की तरफ से जब आईपीएल 2026 की प्राइज मनी का ऐलान किया जाएगा तो अंतर और अधिक बढ़ने की पूरी संभावना है।





