पुणे के गंगाधाम चौक इलाके में देर रात एक केमिकल कंपनी में क्लोरीन गैस लीक होने की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, कंपनी की टंकी से गैस रिसाव हुआ है। इस गैस लीक के कारण करीब 24 लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई, जिनमें से कुछ को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बचाव कार्य के दौरान अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी और एक जवान की भी तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए अग्निशमन दल के करीब 30 जवानों ने बीए सेट (Breathing Apparatus) पहनकर स्थिति को नियंत्रण में किया। फिलहाल हालात काबू में बताए जा रहे हैं और आगे की जांच जारी है।
क्लोरीन गैस लीक होने के बाद कई नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करते हुए रिसाव वाले टैंक की मरम्मत की गई है। जहरीली गैस के तेजी से फैलने के कारण आसपास के इलाकों को तुरंत खाली कराया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने के प्रयासों के दौरान, लगभग दो दर्जन नागरिक और दमकल कर्मियों के दो सदस्य सांस लेने में तकलीफ से पीड़ित हुए थे। सभी 24 लोगों को आपातकालीन उपचार के लिए ससून जनरल अस्पताल ले जाया गया। जल शोधन इकाई के एक पूर्व संचालक ने अधिकारियों को बताया कि संयंत्र को बंद कर दिए जाने के बावजूद, क्लोरीन का कनस्तर वहीं छूट गया था। बताया जाता है कि रखरखाव की कमी के कारण टैंक में दरार आ गई थी।





