कनाडा के वैंकूवर में दिलजीत दोसांझ का औरा-2026 (Aura-2026) नाम का म्यूजिक कॉन्सर्ट चल रहा था. हजारों प्रशंसकों की भीड़ के बीच अचानक कुछ प्रदर्शनकारी अंदर घुस आए और नारेबाजी शुरू कर दी. इन लोगों ने दिलजीत पर बीजेपी और RSS का एजेंट होने के आरोप लगाए.

सूत्रों के अनुसार, हंगामा करने वालों में पवनदीप सिंह बस्सी और मनदीप सिंह रवि नाम के व्यक्ति शामिल हैं. इन दोनों का संबंध भारत में प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस'(SFJ) से बताया जा रहा है, जिसका प्रमुख भगोड़ा आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू है.
जब सिक्योरिटी टीम ने इन प्रदर्शनकारियों को बाहर निकालने की कोशिश की, तो वे सुरक्षाकर्मियों से भिड़ गए. कुछ देर के लिए कॉन्सर्ट का माहौल तनावपूर्ण हो गया और संगीत का शोर नारेबाजी में बदल गया.
हालांकि, सुरक्षाबलों ने स्थिति को काबू में कर लिया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि वे भविष्य में भी दिलजीत के शो का विरोध जारी रखेंगे.
दिलजीत को बीजेपी-आरएसएस का एजेंट बताया
प्रदर्शनकारियों ने दिलजीत को बीजेपी-आरएसएस का एजेंट बताते हुए नारेबाजी की और सुरक्षाकर्मियों से भी भिड़ गए. इस घटना के बाद दिलजीत के आगामी शोज की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. सूत्रों का कहना है कि इसकी मुख्य वजह प्रदर्शनकारियों ने आगे भी दिलजीत दोसांझ के शो में विरोध करने की चेतावनी दी है.
27 अप्रैल को हुआ था यह लाइव कॉन्सर्ट
दिलजीत दोसांझ इन दिनों कनाडा में हैं. 27 अप्रैल को उनका यह लाइव कॉन्सर्ट हुआ था. वहीं इस मामले में सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है. रेडिट पर इंडियन सोशल नामक एक यूजर्स ने लिखा- पन्नू चर्चा में बने रहने के लिए दिलजीत के लाइव कॉन्सर्ट में हंगामा करवा रहा है.
दिलजीत के खिलाफ खालिस्तानी समर्थक पहले भी विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं. ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में पिछले साल उनके खिलाफ एक शो के दौरान विरोध प्रदर्शन हुआ था.





