घर को साफ करना हमारी सेहत से भी जुड़ा होता है. खासतौर पर फर्श की सफाई. क्योंकि यही वह जगह है जहां सबसे ज्यादा धूल, गंदगी और बैक्टीरिया जमा होते हैं. कई बार रोजाना पोछा लगाने के बावजूद फर्श का पीलापन दूर नहीं होता और न ही पूरी तरह कीटाणु खत्म हो पाते हैं. ऐसे में महंगे क्लीनिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने के बाद भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलता, जिससे लोग परेशान हो जाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक घरेलू उपाय ऐसा भी है, जो फर्श को चमकाने का साथ ही बैक्टीरिया को भी खत्म करता है और कई समस्याओं से राहत दिलाने में मददगार है.

जी हां, बिना ज्यादा खर्च किए आप अपने पोछे के पानी में इस चीज को मिलाकर आप फर्श की हर समस्या से राहत पा सकते हैं. आइए जानते हैं इस सफेद चीज के बारे में और कैसे इसका इस्तेमाल करके आप अपने घर की सफाई को और भी बेहतर बना सकते हैं.
पोछे के पानी में मिलाएं नमक
हम बात कर रहे हैं सफेद नमक की . जी हां, नमक सिर्फ आयोडिन की कमी को दूर करने या फिर स्वाद बढ़ाने के लिए नहीं बल्कि घर की फर्श को चमकाने में भी काम आता है. आपको एक बाल्टी पानी में 2 चम्मच नमक डालना है और इससे पूरे फर्श को पोछा लगाना है. इसके कई फायदे हैं, जिनके बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं.
बैक्टीरिया को करें कम
नमक डालकर पोछा लगाने से डीप क्लीनिंग होती है. इससे पोछा लगाने से फर्श के बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद मिलती है. दरअसल, नमक में बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं जो फर्श पर मौजूद बैक्टीरिया को मारने का काम करते हैं. आप इससे पूरे घर की फर्श को पोछा लगा सकती हैं, इससे फर्श बिल्कुल बैक्टीरिया मुक्त हो जाएगी.
पीलापन भी होता है दूर
कई बार व्हाइट फर्श पर पीलापन जमा होने लगता है, जो फ्लोर क्लीनर से भी साफ नहीं होता है. ऐसे में परेशान होने की जरूरत नहीं है. आप नमक वाले पानी से पोछा लग सकती हैं. इससे दाग भी साफ हो जाता है. साथ ही फर्श से आ रही अजीब सी बदबू भी दूर होती है और आपको मिलता एक फ्रेश फ्लोर. हालांकि, ध्यान रहे कि रेगुलर इस्तेमाल से ही पीलापन साफ होता है. एक बार में रिजल्ट की उम्मीद न रखें.
मक्खियां भी भागती हैं दूर
गर्मियों का मौसम शुरु हो गया है. इस मौसम में गर्मी से बचने के लिए कई घरों की फर्श पर मक्खियां जमा होने लगती है. जो दिखने में भी अच्छी नहीं लगती है. साथ ही गंदगी भी फैलाती हैं. ऐसे में नमक वाला पानी इन्हें भगाने में मदद करता है. नमक वाले पानी से पोछा लगाने से फर्श से मक्खियां दूर रहती हैं और आपका घर साफ-सुथरा रहता है.
चिपचिपान होता है दूर
जैसे-जैसे उमस भरी गर्मी बढ़ती है. फर्श भी चिपचिपी होने लगती है. चाहे जितना भी पोछा लगा लो फर्श पर चिपचिपाहट बनी रहती है. ऐसे में इसे दूर करने के लिए भी नमक वाला पानी फायदेमंद माना जाता है. इससे फर्श का चिपचिपापन दूर होता है.





