गर्मियों का मौसम आते ही तेज धूप, लू और बढ़ता तापमान शरीर को काफी प्रभावित करने लगता है. इस दौरान थकान, डिहाइड्रेशन, चिड़चिड़ापन और शरीर में गर्मी बढ़ने जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं. ऐसे में जरूरी है कि हम अपनी डाइट और लाइफस्टाइल में कुछ ऐसी चीजें शामिल करें, जो शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाएं और हमें इस भीषण गर्मी से राहत दिलाएं. घरेलू उपायों में गोंद कतीरा का नाम काफी खास माना जाता है, जिसे आयुर्वेद में ठंडी तासीर वाला और शरीर को ठंडक देने वाला बताया गया है. अक्सर लोग गोंद कतीरा का इस्तेमाल सिर्फ ठंडाई या ड्रिंक के रूप में ही करते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसे कई अलग-अलग तरीकों से भी अपनी डेली रूटीन में शामिल किया जा सकता है.

अगर आप भी गर्मियों में खुद को ठंडा और तरोताजा रखना चाहते हैं, तो सिर्फ गोंद कतीरा का शरबत ही नहीं, बल्कि इसके कुछ और आसान और असरदार तरीकों को अपनाकर भी फायदा उठा सकते हैं. आइए जानते हैं गोंद कतीरा के ऐसे 5 तरीके, जो आपको गर्मी से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं.
गोंद कतीरा शरबत
गर्मियों में लू से बचने और शरीर को ठंडा रखने के लिए गोंद कतीरा का शरबत काफी पसंद किया जाता है. इसे बनाने के लिए आपको बस एक गोंद कतीरा को रातभर पानी में भिगो दें. सुबह यह फूलकर जेली जैसा हो जाएगा. इसे ठंडे दूध या पानी में मिलाकर शरबत बनाकर पिएं. इसे पीने से शरीर अंदर से ठंडा रहता है और लू से बचाने में भी मदद करता है.
गोंद कतीरा के लड्डू
गोंद के कतीरा के लड्डू भी एक अच्छा ऑप्शन है. इसे आप एक बार बनाकर कई दिनों तक स्टोर करके रख सकते हैं. इसके लिए भिगोए हुए गोंद कतीरा को सूखा कर घी, सूखे मेवे और गुड़ के साथ मिलाकर लड्डू बनाएं. रोजाना एक लड्डू खाने से शरीर को तुरंत एनर्जी मिलती है, कमजोरी दूर होती है और गर्मी से भी बचाव होता है.
गोंद कतीरा फालूदा
गोंद कतीरा से आप गर्मियों में फालूदा बनाकर भी खा सकते हैं. इसके लिए आपको फालूदा सेव, ठंडा दूध, गुलाब सिरप और गोंद कतीरा मिलाकर फालूदा बनाना है. यह शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ तुरंत एनर्जी भी देता है और खाने में काफी स्वादिष्ट भी होता है.
गोंद कतीरा दही के साथ
गोंद कतीरा और दही का कॉम्बिनेशन भी काफी बढ़िया है. इसे बनाना भी काफी आसान है. आपको बस भीगे हुए गोंद कतीरा का दही में मिलाकर खाना है. चाहें तो इसमें थोड़ा सा शहद या चीनी भी डाल सकते हैं. ये पाचन को बेहतर करता है, पेट को ठंडक देता है और एसिडिटी में राहत दिलाता है.
गोंद कतीरा आइसक्रीम या डेजर्ट
गोंद कतीरा ऑलराउंडर की तरह काम करता है. इसे आप घर पर बनी आइसक्रीम या किसी भी ठंडे डेजर्ट में मिलाकर भी खा सकते हैं. इसे खाने से शरीर की गर्मी कम होती है . ठंडक बनाए रखता है और गर्मी में मीठा खाने का हेल्दी ऑप्शन देता है.





