एक तरफ सिनेमाघरों में रणवीर सिंह की मल्टीस्टारर ‘धुरंधर 2’ कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है, वहीं दूसरी तरफ इसका पहला पार्ट ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर अपना दबदबा बनाने में कामयाब रहा है. ‘धुरंधर’ नेटफ्लिक्स पर 30 जनवरी को आई थी. उसके बाद से ही ये लगातार नेटफ्लिक्स पर टॉप 10 फिल्मों की लिस्ट में बनी हुई है. अब इस फिल्म ने एसएस राजामौली की ग्लोबल हिट ‘आरआरआर’ के सबसे बड़े रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है.

(हिंदी) ग्लोबल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर पहले 10 हफ्ते में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली भारतीय फिल्म बन गई है. इस फिल्म को शुरुआती 10 हफ्तों में 31.1 मिलियन यानी 3 करोड़ 11 लाख व्यूज़ मिले हैं. इसी के साथ आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर फिल्म ने राम चरण और जूनियर एनटीआर की ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर ‘आरआरआर’ (हिंदी वर्जन) को दूसरे नंबर पर धकेल दिया है. ‘आरआरआर’ को पहले 10 हफ्ते में नेटफ्लिक्स पर 30 मिलियन यानी 3 करोड़ व्यूज़ मिले थे.
रणबीर और शाहरुख को भी झटका
व्यूज के मामले में अब तीसरे नंबर पर रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ है, जिसे 28.5 मिलियन व्यूज मिले हैं. चौथे नंबर पर शाहरुख खान की ‘जवान’ है, जिसे 26.2 मिलियन व्यूज मिले. ये दोनों फिल्में एक एक पायदान पीछे हो गई हैं. ‘धुरंधर 2’ को लेकर जिस तरह का क्रेज सिनेमाघरों में दिखा, उसका फायदा इसके पहले पार्ट को ओटीटी प्लैटफॉर्म पर मिला है. पार्ट 2 देखने से पहले हर कोई फिल्म का पार्ट 1 देखना चाहता था, इसलिए फिल्म ने व्यूअरशिप के पिछले तमाम रिकॉर्ड को धराशाई कर दिया.
‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ की छप्परफाड़ कमाई
‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ ने मिलकर बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई की है. ये फ्रेंचाइज़ भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फ्रेंचाइज बन गई है. इन दो फिल्मों ने कुल 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिज़नेस कर सबको हैरान कर दिया है. पहले पार्ट ने 1300 करोड़ का बिज़नेस किया था और दूसरा पार्ट 1700 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है.
‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकार नज़र आए थे. ‘धुरंधर’ का पहला पार्ट 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ किया गया था.





