Wednesday, April 22, 2026
Health

एल्युमिनियम के बजाय क्यों पीतल में चाय या खाना बनाना बेहतर? इन कारणों से समझें

उत्तर प्रदेश के एक चाय वाला सुर्खियों में बना हुआ है क्योंकि यहां राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चाय पी थी. इसके बाद फूड सेफ्टी वालों ने जांच में पाया कि वो एल्युमीनियम के बर्तन में चाय पकाकर लोगों को बेच रहा था. इसके जवाब में सपा प्रमुख अखिलेश ने उसे पीतल के बर्तन गिफ्ट किए. यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि क्यों एल्युमीनियम के बजाय पीतल और स्टील में खाना पकाना ज्यादा अच्छा होता है. दरअसल, भारतीय रसोई में बर्तनों का चयन सिर्फ सुविधा का विषय नहीं होता, बल्कि यह सीधे तौर पर हमारे स्वास्थ्य से भी जुड़ा होता है. आज के समय में एल्युमिनियम के बर्तनों का उपयोग तेजी से बढ़ा है क्योंकि वे हल्के, सस्ते और आसानी से उपलब्ध होते हैं.

एल्युमिनियम के बजाय क्यों पीतल में चाय या खाना बनाना बेहतर? इन कारणों से समझें
एल्युमिनियम के बजाय क्यों पीतल में चाय या खाना बनाना बेहतर? इन कारणों से समझें

लेकिन अगर परंपराओं की बात करें, तो हमारे पूर्वज पीतल (ब्रास) के बर्तनों को ज्यादा प्राथमिकता देते थे. आयुर्वेद में भी पीतल को स्वास्थ्य के लिहाज से उपयोगी माना गया है. खासकर जब बात रोज़मर्रा में बनने वाली चाय की हो, तो पीतल के बर्तन कई मायनों में बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं. आइए विस्तार से समझते हैं इसके 7 प्रमुख कारण

क्यों पीतल के बर्तन में खाना या चाय बनाना है बेस्ट

पोषक तत्वों का प्राकृतिक स्रोत

डॉ. अंकित बंसल (कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन, श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टिट्यूट दिल्ली) बताते हैं कि पीतल तांबा और जिंक का मिश्रण होता है, जो दोनों ही शरीर के लिए जरूरी सूक्ष्म पोषक तत्व हैं. जब आप पीतल के बर्तन में चाय बनाते हैं, तो बहुत ही सूक्ष्म मात्रा में ये तत्व चाय में मिल सकते हैं, जो शरीर की रोग इम्युनिटी को मजबूत करने में मदद करते हैं. तांबा खास तौर पर शरीर में एंजाइम के सही कामकाज और आयरन के अवशोषण में सहायक होता है. नियमित रूप से ऐसे बर्तनों का उपयोग शरीर को हल्के-फुल्के पोषण का अतिरिक्त लाभ दे सकता है.

एंटी-बैक्टीरियल गुण

पीतल के बर्तनों की एक खासियत यह है कि इनमें प्राकृतिक एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं. तांबा कई तरह के हानिकारक बैक्टीरिया और सूक्ष्मजीवों को नष्ट करने की क्षमता रखता है. इसका मतलब यह है कि पीतल में बनी चाय या दूसरी चीजें अपेक्षाकृत ज्यादा साफ और सेफ हो सकती है. वहीं एल्युमिनियम में इस तरह के गुण नहीं पाए जाते, जिससे उसमें बैक्टीरिया के पनपने का खतरा बना रहता है. खासकर यदि सफाई में थोड़ी भी लापरवाही हो जाए.

पाचन के लिए फायदेमंद

पीतल में बनी चीजें पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में भी सहायक मानी जाती हैं. तांबा पेट और आंतों के काम को बैलेंस करने में मदद करता है. ये गैस, एसिडिटी जैसी समस्याओं को कम करने में फायदेमंद साबित हो सकता है. कई पारंपरिक मान्यताओं और आयुर्वेदिक सिद्धांतों के अनुसार, तांबे के संपर्क में आया पानी या भोजन शरीर के मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है. ऐसे में यदि चाय पीतल के बर्तन में बनाई जाए, तो यह पाचन के लिहाज से एक बेहतर विकल्प हो सकती है.

केमिकल रिएक्शन का कम खतरा

एल्युमिनियम एक ऐसा धातु है जो अम्लीय पदार्थों के संपर्क में आने पर रासायनिक प्रतिक्रिया कर सकती है. चाय, खासकर जब उसमें दूध, चीनी या अदरक-इलायची जैसे तत्व मिलाए जाते हैं, तो उसका नेचर हल्का एसिडिक हो सकता है. ऐसे में एल्युमिनियम के बर्तन से कुछ अवांछित तत्व चाय में मिल सकते हैं. दूसरी ओर, अगर पीतल के बर्तन के अंदर टिन (कलाई) की परत चढ़ी हो, तो यह इस तरह की प्रतिक्रिया को काफी हद तक रोक देता है, जिससे चाय ज्यादा सुरक्षित रहती है.

स्वाद में बेहतर अनुभव

कई लोगों का अनुभव है कि पीतल के बर्तन में बनी चाय का स्वाद ज्यादा गाढ़ा, बैंलेस्ड और नेचुरल लगता है. यह धातु चाय के फ्लेवर को बेहतर तरीके से बनाए रखने में मदद करती है, जिससे हर घूंट में एक अलग ही आनंद मिलता है. खासकर जब चाय में मसाले डाले जाते हैं, तो उनका स्वाद और सुगंध पीतल के बर्तन में अधिक उभरकर सामने आते हैं. यह कारण भी है कि पुराने समय में खास मेहमानों के लिए पीतल के बर्तनों में ही चाय या अन्य पेय तैयार किए जाते थे.

गर्मी को लंबे समय तक बनाए रखना

पीतल गर्मी का अच्छा संवाहक होने के साथ-साथ उसे लंबे समय तक गर्म बनाए रखने की क्षमता भी रखता है. इसका मतलब यह है चाय बन जाने के बाद वह जल्दी ठंडी नहीं होती. इससे बार-बार चाय को गर्म करने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे उसका स्वाद और गुणवत्ता भी बरकरार रहती है.

पारंपरिक और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प

पीतल के बर्तन न केवल टिकाऊ होते हैं, बल्कि पर्यावरण के लिए भी बेहतर माने जाते हैं. ये लंबे समय तक चलते हैं और बार-बार बदलने की जरूरत नहीं होती, जिससे कूड़े का उत्पादन कम ही होता है. इसके विपरीत, एल्युमिनियम के बर्तनों की लाइफ पीतल के मुकाबले कम होती है. साथ ही, पीतल का उपयोग हमारी पारंपरिक विरासत से भी जुड़ा है, जो आज के समय में फिर से लोकप्रिय हो रहा है.

ध्यान रखने वाली बात

हालांकि पीतल के बर्तनों के कई फायदे हैं, लेकिन उनका सही तरीके से उपयोग करना बेहद जरूरी है. हमेशा ध्यान रखें कि बर्तन के अंदर टिन (कलाई) की परत चढ़ी हो, क्योंकि बिना कलाई वाले पीतल में अम्लीय चीजें पकाना नुकसानदायक हो सकता है. साथ ही, समय-समय पर बर्तनों की सफाई और कलाई को दोबारा चढ़वाना भी जरूरी होता है, ताकि उनके गुण लंबे समय तक बने रहें.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply