आंध्र प्रदेश के कुरनूल में दो वाहनों के बीच भीषण टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं, 10-12 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। कुरनूल पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंत्रालयम मंडल में चिलकालाडोना के पास एक बोलेरो गाड़ी और एक लॉरी के बीच टक्कर होने से एक्सीडेंट में आठ लोगों की मौत हो गई। 10-12 लोग घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए एम्मिगानुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान कर्नाटक के तीर्थयात्रियों के रूप में हुई है। सभी तीर्थयात्री चिक्कमगलुरु क्षेत्र के रहने वाले थे।

यह हादसा मंत्रालयम मंडल के चिलकलाडोना गांव के पास हुआ, जब एक बोलेरो गाड़ी की आमने-सामने से एक रेडी-मिक्स लॉरी से टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार, पांच पीड़ितों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने येम्मिगनूर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को तुरंत पास के मेडिकल सेंटरों में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
माना जा रहा है कि पीड़ित कर्नाटक के चिकमगलूर जिले के तीर्थयात्री थे, जो श्री राघवेंद्र स्वामी के दर्शन के लिए मंत्रालयम जा रहे थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस दुर्घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। एक मामला दर्ज कर लिया गया है, और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है। परिवहन मंत्री मंदीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है, मंत्री ने कर्नाटक के उन निवासियों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी। परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि घायलों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा उपचार मिले।अक्टूबर 2025 में यहां बहुत चर्चित बस हादसा हुआ था। हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की स्लीपर बस में आग लग गई थी। बाइक सवार से टकराने के बाद फ्यूल टैंक फटने से आग लग गई थी, जिसमेंर 19-20 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। बाद में आशंका जताई गई कि बाइक सवार नशे में था।





