
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए शनिवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान राज्य के अन्नदाताओं को आर्थिक सुरक्षा का दोहरा कवच प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ और ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना’ के तहत कुल 460 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की।
किसानों के खातों में 460 करोड़ का ‘डिजिटल प्रहार’
मुख्यमंत्री ने खरीफ-2025 के दौरान फसल नुकसान झेलने वाले 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति वितरित की। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 3500 लाभार्थी परिवारों को 175 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
सीएम योगी ने इस अवसर पर कहा, “आज एक बटन दबाते ही 460 करोड़ रुपये सीधे अन्नदाताओं के खातों में पहुँच रहे हैं। डीबीटी (DBT) के माध्यम से बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त हो गई है।” मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों (DMs) को सख्त निर्देश दिए हैं कि रविवार तक यह धनराशि हर हाल में लाभार्थियों के खातों में क्रेडिट हो जानी चाहिए।
कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार और डॉप्लर राडार की सौगात
मुख्यमंत्री ने केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि कृषि क्षेत्र में तकनीकी सुधारों के लिए कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया:
बागपत, शामली, कासगंज और भदोही में नए उप कृषि निदेशक कार्यालय और मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं की नींव रखी गई।
लखनऊ में ‘स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो’ और झांसी में 50 शैया के छात्रावास का शिलान्यास किया गया।
प्रदेश में सटीक पूर्वानुमान के लिए लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी और आजमगढ़ में डॉप्लर वेदर राडार (Doppler Weather Radar) लगाए जाएंगे।
अब बटाईदार भी योजना में शामिल
मुख्यमंत्री ने योजना में हुए क्रांतिकारी बदलावों का जिक्र करते हुए बताया कि पहले ‘कृषक दुर्घटना कल्याण योजना’ का दायरा सीमित था। अब सरकार ने इसमें किसान के साथ-साथ उसके परिवार के सदस्यों, सह-किसानों और बटाईदारों को भी शामिल किया है। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।
युवाओं और किसानों को समर्पित
विधानसभा में शुक्रवार को पारित हुए बजट का हवाला देते हुए सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से बना यह बजट प्रदेश की समृद्धि का आधार बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्राकृतिक आपदाओं के समय ‘डबल इंजन’ की सरकार हमेशा किसानों के साथ संबल बनकर खड़ी रहेगी।





