उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर NDA की सहयोगी निषाद पार्टी ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने मिर्जापुर में संकेत दिया कि वे मंडल की तीनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे. ऐसे में संजय निषाद का कदम NDA के भीतर सीटबंटवारे की व्यवस्था को जटिल बना सकता है.

संजय निषाद ने बताया कि उपचुनाव के दौरान मजबूरी में मझवां सीट छोड़नी पड़ी थी. मंच से संजय निषाद ने साफ कहा कि किसी भी 16 सीटों को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा. संजय निषाद ने आगे कहा कि निषाद पार्टी 13 जनवरी को लखनऊ में होने वाली अपनी रैली में इस पर अंतिम फैसला लेगी. उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा जल्द कर दी जाएगी. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से सीटों के बंटवारे में अधिक प्रतिनिधित्व की भी मांग की.
4 सीटों पर BJP और 1 पर अपना दल का कब्जा
मिर्जापुर और आसपास का विंध्य क्षेत्र केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और उनकी पार्टी, अपना दल का गढ़ माना जाता है. 2022 के विधानसभा चुनावों में, मिर्जापुर की पांच सीटों में से चार पर भाजपा ने जीत हासिल की थी, जबकि एक सीट अपना दल के खाते में गई थी. ऐसे में, इस क्षेत्र की खासकर उन सीटों पर जहां निषादकश्यप मतदाताओं की संख्या अधिक है. इससे पता चलता है कि चुनावों से पहले ही सहयोगी दलों ने अपनेअपने राजनीतिक आधार को मजबूत करने की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है.
संजय निषाद ने मिर्जापुर में किया रोड शो
इससे पहले रविवार को संजय निषाद ने पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा एवं रोड शो का शुभारंभ किया. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर किए पोस्ट में बताया कि आज जनपद मिर्जापुर के ऐतिहासिक अष्टभुजा गेस्ट हाउस से संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई और मछुआरा समाज के हक एवं सम्मान की आवाज को बुलंद करने के उद्देश्य से विशाल पदयात्रा एवं रोड शो का शुभारंभ हुआ. यह पदयात्रा और रोड शो केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वर्षों से अपने संवैधानिक अधिकारों, आरक्षण, सामाजिक सम्मान और न्याय की प्रतीक्षा कर रहे मछुआरा समाज की एकजुटता और जागरूकता का प्रतीक है.