ग्लोबल लेवल पर आर्टिफिशियल से जुड़े शेयरों में बिकवाली और घरेलू कंपनियों की आय में मजबूत वृद्धि के चलते विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी की है. विदेशी निवेशकों ने नवंबर में रिकॉर्ड 1.54 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक निवेश है. एनएसडीएल के आंकड़ों के अनुसार यह रिकॉर्ड निवेश विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों द्वारा लगातार की गई निकासी के बाद आया है. एफपीआई ने अक्टूबर में 34,843 करोड़ रुपए और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपए निकाले थे.

आंकड़ों के मुताबिक एफपीआई ने दो से 27 नवंबर के बीच भारतीय शेयर बाजार में 1.54 लाख करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश किया. इस महीने में अब केवल एक कारोबारी सत्र बाकी है और यह निवेश नवंबर, 2020 में दर्ज किए गए 60,358 करोड़ रुपए के पिछले मासिक रिकॉर्ड को पहले ही पार कर चुका है.
विशेष मुहूर्त कारोबारी सत्र को छोड़कर एफपीआई इस महीने के हर कारोबारी दिन शुद्ध खरीदार बने रहे. गौरतलब है कि एफपीआई ने मार्च में घरेलू शेयर बाजार से 1.17 लाख करोड़ रुपये की भारी निकासी की थी. ताजा निवेश के बाद 2026 में भारतीय शेयर बाजार से एफपीआई की कुल शुद्ध निकासी घटकर लगभग 1.41 लाख करोड़ रुपए रह गई है, जो कुछ सप्ताह पहले करीब तीन लाख करोड़ रुपए थी.
मार्केट में वापस आया 50 फीसदी पैसा
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा कि एफपीआई ने पिछले 10 महीनों में भारत से जितनी राशि निकाली थी, उसका लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा अकेले नवंबर में बाजार में वापस आ गया है. एफपीआई ने वित्तीय सेवाओं विशेष रूप से निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों दूरसंचार, दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं , सूचना प्रौद्योगिकी और उपभोक्ता सेवाओं के शेयरों में बड़ी खरीदारी की. उन्होंने कहा कि AI ट्रेड का कमजोर पड़ना और भारत की कॉर्पोरेट कमाई में शानदार बढ़ोतरी, ये मुख्य कारण हैं जिनकी वजह से FPIs की भारत में वापसी हुई है.
क्यों हुई विदेशी निवेशकों की वापसी?
विदेशी निवेशकों की भारी खरीदारी के चलते, नवंबर में भारत का इक्विटी मार्केट दुनिया भर में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला मार्केट बन गया. भारी पूंजी आने से अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत होकर 92.99 के स्तर पर पहुंच गया, जिससे यह उस महीने एशिया की सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली करेंसी बन गई. सेक्टर के हिसाब से देखें तो, FPIs ने मुख्य रूप से फाइनेंशियल सर्विसेज , टेलीकॉम, FMCG , IT और कंज्यूमर सर्विसेज में बड़ी खरीदारी की.
इन बातों में डिपेंड करेगा निवेश
बजाज ब्रोकिंग में रिसर्च के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट, पवित्रो मुखर्जी ने कहा कि मार्केट के जानकारों की नजर अगले हफ्ते आने वाले भारत के GDP डेटा और भारतीय रिजर्व बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी के फैसलों पर रहेगी. इससे आर्थिक विकास और ब्याज दरों की दिशा के बारे में संकेत मिल सकते हैं. उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतारचढ़ाव, US टैरिफ से जुड़े घटनाक्रम और US के ‘नॉनफार्म पेरोल’ डेटा जैसे कारक निवेशकों की धारणा पर असर डालेंगे. विजयकुमार ने कहा कि मौजूदा रुझानों को देखते हुए, FPIs का निवेश जारी रहने की संभावना है. डेट सेगमेंट में, विदेशी निवेशकों ने ‘फुल्ली एक्सेसिबल रूट’ के जरिए 7,484 करोड़ रुपए और ‘जनरल रूट’ के जरिए 4,528 करोड़ रुपए का निवेश किया. हालांकि, उन्होंने ‘वॉलंटरी रिटेंशन रूट’ के जरिए 3,972 करोड़ रुपए निकाल भी लिए.