Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. ताखा तहसील में तैनात एक राजस्व निरीक्षक को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि राजस्व निरीक्षक ने किसान की पैतृक जमीन पर कब्जा दिलाने के बदले रिश्वत की मांग की थी. कानपुर से पहुंची विजिलेंस की 11 सदस्यीय टीम ने तहसील परिसर स्थित कार्यालय में जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे ऊसराहार थाने ले जाया गया.

SDM के आदेश के बाद भी मांगी रिश्वत
विजिलेंस विभाग के मुताबिक, शिकायतकर्ता की पैतृक कृषि भूमि ताखा तहसील के खाता संख्या 310 और गाटा संख्या 134 में दर्ज है. इस जमीन का कुल रकबा 0.1540 हेक्टेयर है. खतौनी में जमीन शिकायतकर्ता की मां और भाई के नाम दर्ज है. आरोप है कि वर्ष 2005 में एक अन्य व्यक्ति ने इस जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था. जमीन वापस पाने के लिए शिकायतकर्ता ने उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 की धारा 134 के तहत SDM ताखा की अदालत में मुकदमा दायर किया था.
2 नवंबर को किसान के पक्ष में आया फैसला
इस मामले में 2 नवंबर को SDM ताखा की अदालत ने शिकायतकर्ता के पक्ष में फैसला सुनाया था. अदालत ने संबंधित जमीन पर उसे कब्जा दिलाने का आदेश दिया था. इसके बाद शिकायतकर्ता ने राजस्व निरीक्षक राम गोपाल प्रसाद से संपर्क किया. आरोप है कि जमीन पर कब्जा दिलाने की प्रक्रिया पूरी करने के बदले राजस्व निरीक्षक ने उससे 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी.
विजिलेंस से की लिखित शिकायत
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था. ऐसे में उसने 20 नवंबर को कानपुर स्थित उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान के कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई. विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की तो शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए. इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान, कानपुर के निर्देश पर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप टीम बनाई गई.
11 सदस्यीय टीम ने तहसील में बिछाया जाल
शुक्रवार को इंस्पेक्टर इंदु यादव के नेतृत्व में 11 सदस्यीय विजिलेंस टीम ताखा तहसील पहुंची. दोपहर करीब 12 बजे टीम ने राजस्व निरीक्षक राम गोपाल प्रसाद को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. अचानक हुई इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया.
इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने विजिलेंस टीम को आरोपी को अपने साथ ले जाने से रोकने की कोशिश भी की. स्थिति को देखते हुए टीम ने पुलिस को मौके पर बुलाया. इसके बाद आरोपी को ऊसराहार थाने ले जाया गया.
भ्रष्टाचार के मामले में दर्ज होगा मुकदमा
विजिलेंस विभाग के अनुसार, आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानपुर सेक्टर के सतर्कता थाने में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी काम करने के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी शिकायत रिश्वत विरोधी हेल्पलाइन पर करें.