भारतीय बाजार में JSW Motors अपनी नई पहचान बनाने की तैयारी में है. कंपनी 3 दिसंबर 2026 को अपने नए ब्रांड और पहली एसयूवी से पर्दा उठाने वाली है. इस गाड़ी को ‘कॉम्बैट’ नाम से पेश किया जा सकता है. हालांकि, लॉन्च से पहले ही कंपनी ने इसके शुरुआती ग्राहकों के लिए एक खास लिमिटेड एडिशन का ऐलान किया है. इसका नाम Pioneers 500 रखा गया है और पूरे देश में इसकी सिर्फ 500 यूनिट तैयार की जाएंगी. इस खास एडिशन के लिए आवेदन 28 नवंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होंगे. इच्छुक ग्राहक कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे. यानी इस SUV को पाने का मौका सभी ग्राहकों को नहीं मिलेगा.

केबिन में लिखा होगा मालिक का नाम
एडिशन को खास बनाने के लिए कंपनी इसमें कुछ अलग सुविधाएं देगी. इन 500 गाड़ियों के केबिन में एक खास मेटल प्लेट लगाई जाएगी. इस पर गाड़ी के मालिक का नाम और उसका अलग सीरियल नंबर लिखा होगा. इसके अलावा हर खरीदार को कंपनी की तरफ से एक यादगार तोहफा भी दिया जाएगा.
खास ओनर क्लब में मिलेगी जगह
शुरुआती 500 ग्राहकों को सिर्फ गाड़ी तक सीमित एक्सपीरियंस नहीं देना चाहती. इस एडिशन के मालिकों को कंपनी के बड़े अधिकारियों से सीधे जुड़ने का मौका मिलेगा. साथ ही उन्हें एक खास ओनर कम्युनिटी का सदस्य भी बनाया जाएगा. हालांकि, इस कम्युनिटी में शामिल होने के नियम और शर्तों की जानकारी कंपनी बाद में देगी.
ऐसा दिख सकता है JSW Combat SUV का डिजाइन
कंपनी ने अभी टीजर में गाड़ी के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इसका डिजाइन पहले दिखाई गई Combat SUV से मिलताजुलता है. इसका लुक बॉक्सी और मजबूत नजर आता है. आगे चौड़ी ग्रिल, सीधा बोनट और बड़ा बंपर दिया गया है. आयताकार हेडलाइट हाउसिंग में हॉरिजॉन्टल लाइट्स के साथ किनारों पर वर्टिकल लाइट्स मिलती हैं.
साइड में फ्लैट रूफ, रूफ रेल्स और चौकोर व्हील आर्च दिए गए हैं. पीछे की तरफ वर्टिकल टेललैंप्स, रूफ स्पॉइलर और दरवाजे पर लगा स्पेयर व्हील कवर इसे ऑफरोड SUV जैसा लुक देते हैं.
चार साल में 15 नई गाड़ियां लाने की योजना
JSW Motors आने वाले चार साल में भारतीय बाजार में 15 नए मॉडल उतारने की तैयारी कर रही है. इस लाइनअप में इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड और प्लगइन हाइब्रिड गाड़ियां शामिल होंगी. कंपनी अलगअलग बजट के ग्राहकों को ध्यान में रखकर मॉडल पेश करेगी. इन गाड़ियों का निर्माण महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में बन रहे नए प्लांट में किया जाएगा.
देशभर में खोले जाएंगे नए शोरूम
अपनी गाड़ियों की बिक्री के लिए कंपनी अलग डीलरशिप नेटवर्क तैयार कर रही है. ये शोरूम मौजूदा JSW MG Motor India के डीलर नेटवर्क से अलग होंगे. कंपनी की योजना 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत तक 50 डीलरशिप खोलने की है. आगे चलकर इनकी संख्या 100 से ज्यादा कस्टमर टचपॉइंट्स तक पहुंचाई जाएगी. शुरुआत में बड़े और मझोले शहरों पर ध्यान दिया जाएगा.