Lucknow News: लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सहारा सिटी परिसर में गुरुवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. परिसर के मुख्य गेट के पास बाउंड्री से सटे एक भवन और पार्किंग एरिया में आग लगने की सूचना से आसपास के इलाके में अफरातफरी फैल गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं. करीब 11 फायर गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.

शाम करीब 7 बजे लगी आग
सहारा सिटी परिसर में गुरुवार शाम करीब 7 बजे अचानक आग लग गई. शुरुआत में आग की लपटें छोटी थीं, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया. परिसर के मुख्य गेट के पास पार्किंग एरिया और बाउंड्री के नजदीक स्थित भवन में आग की लपटें उठने लगीं. आसमान में धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग घबरा गए. इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी.
नगर निगम ने परिसर को किया था सील
सहारा सिटी परिसर को नगर निगम ने पहले से ही सील कर रखा था. आग परिसर के अंदर बाउंड्री के पास स्थित एक भवन में लगी थी. सूचना मिलने के बाद गोमतीनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. परिसर की सुरक्षा में तैनात निजी गार्ड की मदद से पुलिसकर्मी अंदर दाखिल हुए. शुरुआती जांच में आग लगने वाला भवन कार्यालय जैसा दिखाई दिया.
11 फायर टेंडरों ने संभाला मोर्चा
आग की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस को तत्काल सूचना दी गई. सबसे पहले गोमतीनगर फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद अन्य फायर स्टेशनों से भी दमकल गाड़ियों को बुलाया गया. मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में करीब 11 दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान चलाया.
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी पूर्वी जोन और एसीपी गोमतीनगर समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए. नगर निगम और बिजली विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं.