: रिपोर्ट: योगेश सेमवाल, उत्तराखंड सरकार ) की ‘बैणीभुली योजना’ से प्रदेश की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मदद मिलेगी। योजना के तहत राज्य में पंजीकृत करीब 5.23 लाख समूह सदस्यों को लाभ पहुंचाने की तैयारी है। इसके लिए पात्र महिलाओं के व्यक्तिगत बैंक खातों में DBT के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये दिसंबर 2026 में जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।

सरकार की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के लिए शुरुआती पूंजी उपलब्ध कराना और उनके छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ाने में मदद करना है। खास बात यह है कि सहायता राशि समूह के खाते में भेजने के बजाय सीधे पात्र महिला के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। इससे महिलाएं अपनी जरूरत और व्यवसाय के हिसाब से पैसे का इस्तेमाल कर सकेंगी।
क्या है बैणीभुली योजना?
बैणीभुली का अर्थ गढ़वाली और कुमाऊंनी भाषा में बड़ी और छोटी बहन होता है। इस योजना के जरिए सरकार स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने के साथ उन्हें रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना चाहती है। योजना के तहत मिलने वाली राशि से महिलाएं अपना काम शुरू कर सकती हैं या पहले से चल रहे कारोबार को आगे बढ़ा सकती हैं।
सिलाई से लेकर पशुपालन तक, शुरू कर सकेंगी अपना कारोबार
योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए शुरुआती पूंजी का काम करेगी। इससे वे सिलाईकढ़ाई, बुनाई, पशुपालन, कृषि और हस्तशिल्प जैसे कामों को आगे बढ़ा सकेंगी। इसके अलावा उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग और बिक्री के लिए भी इस राशि का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें मंडुवे के बिस्किट, बुरांश का जूस और दूसरे पारंपरिक उत्पाद शामिल हैं। इससे महिलाओं को अपने घर और गांव में ही रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
समूह की महिलाएं मिलकर कर सकती हैं बड़ा निवेश
इस योजना का एक बड़ा फायदा सामूहिक निवेश के रूप में भी सामने आ सकता है। अगर एक स्वयं सहायता समूह की 10 से 12 महिलाएं अपनी सहायता राशि का कुछ हिस्सा मिलाकर कारोबार में लगाती हैं, तो एक लाख रुपये से अधिक की पूंजी जुटाई जा सकती है। इससे समूह की महिलाएं बड़े स्तर पर कच्चा माल खरीदने, उत्पादन बढ़ाने और अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का काम कर सकती हैं।
लखपति दीदी अभियान से भी जुड़ेगी योजना
बैणीभुली योजना को सरकार के लखपति दीदी अभियान से भी जोड़ने की तैयारी है। इसके तहत महिलाओं के बनाए उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग में मदद दी जाएगी। ग्राम्य विकास विभाग का प्रयास है कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को स्थानीय बाजार के साथ बड़े बाजारों तक भी पहुंच मिले। इससे महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि अपने उत्पादों की बेहतर कीमत हासिल करने का अवसर भी मिल सकेगा।
ये भी पढ़ें:
इन महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता
योजना में एक परिवार की एक महिला सदस्य को लाभ देने का प्रावधान बताया गया है। इसके तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आर्थिक रूप से कमजोर, भूमिहीन, दिव्यांग और महिला मुखिया वाले परिवारों की पात्र समूह सदस्यों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का मानना है कि आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें अपना काम शुरू करने और आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष कमला रावत सहित अन्य महिलाओं ने योजना को लेकर अपनी उम्मीदें जाहिर की हैं।
ये भी पढ़ें: