अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों PCE यानी उपभोग व्यय मूल्य सूचकांक का असर भारतीय सर्राफा बाजार पर दिखाई देने लगा है. मुंबई समेत देशभर में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. आज सुबह से ही सोने की कीमतों में गिरावट जारी थी. सुबह सोना गिरकर 1,22,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था, लेकिन शाम 7 बजे के बाद अमेरिका के PCE आंकड़े जारी होते ही सोने की कीमतों में एक बार फिर गिरावट आई और भाव घटकर 1,18,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया यानी सुबह के भाव से शाम तक सोना 3,800 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया. सोने की कीमतों में लगातार गिरावट से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है.

सबसे ज्यादा दबाव चांदी पर देखने को मिल रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 41 डॉलर प्रति औंस से गिरकर 38 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है यानी चांदी में 3 डॉलर प्रति औंस की गिरावट दर्ज की गई है और बाजार में चांदी ने नया निचला स्तर छुआ है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना भी PCE के आंकड़े आने के बाद करीब 100 डॉलर प्रति औंस टूट गया. आंकड़े जारी होने से पहले सोना 3,537 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो गिरकर 3,437 डॉलर प्रति औंस पर आ गया.
अक्टूबर महीने का सालाना PCE महंगाई दर 3.8 फीसदी
दरअसल, अमेरिका में अक्टूबर महीने का सालाना PCE महंगाई दर 3.8 फीसदी दर्ज किया गया है. सितंबर में यह आंकड़ा 3.6 फीसदी था यानी महंगाई दर में 0.2 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है. महंगाई बढ़ने से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ सकती है. इसका असर डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड पर पड़ता है, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ता है.
सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला रहेगा जारी
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के सचिव सुरेंद्र मेहता के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है. अब भारतीय बुलियन बाजार के अगले कारोबारी सत्र पर सबकी नजर है. 26 नवंबर की सुबह 9 बजे बाजार खुलने पर सोने और चांदी की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है. ऐसे में सवाल है कि क्या सोना और सस्ता होगा या मौजूदा स्तर पर बाजार को कुछ राहत मिलेगी?