केंद्रीय जांच ब्यूरो ने चीन में अवैध तरीके से मजदूरों को भेजने के मामले में फरार चल रहे घोषित भगोड़े कुलदीप उर्फ कुलदीप कपूर को गिरफ्तार किया है. CBI ने बुधवार को आरोपी को उत्तर प्रदेश के बड़ौत स्थित बिनौली रोड से दबोचा है. CBI ने इस मामले में 7 जुलाई 2017 को शिकायत के आधार पर रोशन फर्नांडो, कुलदीप कपूर और अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था.

आरोप था कि आरोपियों ने एक नेपाली महिला को चीन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया था। इसके बदले महिला से किस्तों में एक लाख रुपये लिए गए थे. इसके बाद महिला को अन्य लोगों के साथ चीन भेज दिया गया, जहां उसने एक मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में काम किया. हालांकि, 14 मार्च 2017 को चीनी पुलिस ने उसे पकड़ लिया. बाद में चीन स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों के हस्तक्षेप से महिला समेत अन्य लोगों को भारत वापस लाया गया. चूंकि महिला नेपाल की नागरिक थी, इसलिए उसे 13 अप्रैल 2017 को काठमांडू भेज दिया गया.
किन धाराओं में दर्ज था मुकदमा?
मामले की जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 30 सितंबर 2019 को रोशन फर्नांडो और कुलदीप उर्फ कुलदीप कपूर के खिलाफ आईपीसी की धारा 120बी, 420, 471 के साथ 468 और इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत चार्जशीट दाखिल की थी. फिलहाल मामले की सुनवाई नई दिल्ली स्थित ACJM, RADC की अदालत में चल रही है.
19 जनवरी 2023 को भगोड़ा किया था घोषित
अदालती कार्रवाई से लगातार बचने के चलते 19 जनवरी 2023 को कोर्ट ने कुलदीप कपूर को भगोड़ा घोषित कर दिया था. उसकी तलाश में सीबीआई ने खुफिया तंत्र सक्रिय करते हुए एक विशेष टीम बनाई थी. पुख्ता सूचना मिलने के बाद टीम ने बड़ौत में उसकी लोकेशन ट्रेस की और उसे गिरफ्तार कर लिया. सीबीआई के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा.