योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अपनी चुनावी सीट बदलने का ऐलान कर दिया है. सुभासपा अध्यक्ष अब गाजीपुर की जहूराबाद सीट के बजाय अंबेडकरनगर की अकबरपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं. जहूराबाद वो सीट है, जहां से राजभर 2017 और 2022 में विधायक चुने गए. इस सीट ने उन्हें पूर्वांचल की राजनीति में एक अलग पहचान दी. लेकिन अब उन्होंने अकबरपुर का रुख किया है. अकबरपुर में उनके सामने समाजवादी पार्टी के मौजूदा विधायक राम अचल राजभर की चुनौती होगी. आखिर जहूराबाद छोड़ने की वजह क्या है?

समाजवादी पार्टी के गढ़ अंबेडकरनगर की अकबरपुर विधानसभा सीट पर 2022 के चुनाव में समाजवादी पार्टी के राम अचल राजभर ने जीत दर्ज की थी. उन्हें 81 हजार 931 वोट मिले थे. बीजेपी के धर्मराज निषाद 69 हजार 595 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे. दोनों के बीच जीत का अंतर 12 हजार 336 वोट था. बहुजन समाज पार्टी के चंद्र प्रकाश वर्मा को 53 हजार 398 वोट मिले थे और वो तीसरे नंबर पर रहे. कांग्रेस की प्रियंका को 2 हजार 735 वोट मिले थे.
अकबरपुर में 2022 का मुकाबला मुख्य रूप से सपा, बीजेपी और बीएसपी के बीच रहा था. राम अचल राजभर ने करीब 38 फीसदी वोट हासिल किए थे, जबकि बीजेपी को करीब 33 फीसदी और बीएसपी को करीब 25 फीसदी वोट मिले थे. यानी यहां विपक्षी वोटों का बंटवारा भी चुनावी नतीजे में अहम रहा. यह सीट राजभर बाहुल्य है और यहां से रामअचल राजभर छठवीं बार विधायक हैं. ओम प्रकाश राजभर की नजर राजभर वोटरों पर है.
राम अचल राजभर के सामने होगी चुनौती
अकबरपुर में ओमप्रकाश राजभर के सामने सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती सपा के राम अचल राजभर होंगे. राम अचल राजभर का क्षेत्र में अपना राजनीतिक आधार है. वह 2022 में सपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे. इससे पहले भी वह इस क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और बसपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं. ऐसे में ओमप्रकाश राजभर के लिए अकबरपुर की लड़ाई आसान नहीं होगी.
उन्हें एक ऐसे नेता के सामने अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करनी होगी, जो पहले से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहा है. दोनों नेताओं के नाम में राजभर उपनाम है, लेकिन चुनाव का नतीजा सिर्फ जातीय पहचान से तय नहीं होगा. स्थानीय संगठन, उम्मीदवार की स्वीकार्यता, गठबंधन का गणित और दूसरे दलों के वोट भी अहम होंगे.
जहूराबाद में राजभर की दो बड़ी जीत
अब बात उस जहूराबाद सीट की, जहां से ओमप्रकाश राजभर ने अपनी राजनीतिक पहचान बनाई. 2017 के विधानसभा चुनाव में वह बीजेपी गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे और जीत हासिल की. इसके बाद सपा के साथ गठबंधन किया और 2022 में भी जहूराबाद से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे. 2022 के चुनाव में राजभर को 1 लाख 14 हजार 860 वोट मिले थे. बीजेपी के कालीचरण को 69 हजार 228 वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे. बहुजन समाज पार्टी की सैय्यदा शादाब फातिमा को 53 हजार 144 वोट मिले. राजभर ने बीजेपी उम्मीदवार को 45 हजार 632 वोटों के बड़े अंतर से हराया था.
यानी जहूराबाद में 2022 के चुनाव के दौरान राजभर की मजबूत स्थिति दिखाई दी थी. लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में इस विधानसभा क्षेत्र में सपा के सनातन पांडेय को बढ़त मिली. 2022 में राजभर की बड़ी जीत और 2024 में सपा की बढ़त के बीच अब उनका जहूराबाद छोड़कर अकबरपुर जाना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है.
आखिर जहूराबाद छोड़ने के पीछे क्या है रणनीति?
अब सवाल है कि जिस जहूराबाद सीट से ओमप्रकाश राजभर दो बार चुनाव जीत चुके हैं, उसे छोड़कर अकबरपुर जाने का फैसला क्यों किया? बताया जा रहा है कि इस सीट पर वह अपने दूसरे बेटे को चुनाव लड़ाना चाहते हैं. फिलहाल अकबरपुर सीट इस समय बीजेपी के खाते में है.