यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन की सीटों को लेकर खींचतान अब जिलों तक पहुंचने लगी है. सहारनपुर में सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच सियासी तल्खी बढ़ती दिख रही है. सपा ने बेहट और सहारनपुर देहात सीट पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, जबकि कांग्रेस इन दोनों सीटों पर भी दावेदारी कर रही थी.

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सहारनपुर की सात सीटों पर कांग्रेस की हिस्सेदारी चाहते हैं, लेकिन सपा अपनी जीती हुई सीटें छोड़ने के मूड में नहीं है. इधर मसूद परिवार से जुड़े शायान मसूद की सपा में एंट्री ने भी जिले की सियासत में नए समीकरण पैदा कर दिए हैं. अब सवाल है कि क्या सहारनपुर में सीटों की लड़ाई सपाकांग्रेस गठबंधन के लिए मुश्किल खड़ी करेगी? क्या इमरान मसूद की दावेदारी को अखिलेश यादव ने अपने फैसले से चुनौती दी है?
सहारनपुर में खींचतान
सपा ने बेहट और सहारनपुर देहात विधानसभा सीट पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं. बेहट से उमर अली खान और सहारनपुर देहात से आशु मलिक को टिकट दिया गया है. दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी के मौजूदा विधायक हैं और 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने इन सीटों पर जीत दर्ज की थी. कांग्रेस इन दोनों सीटों के अलावा गंगोह, नकुड़ और रामपुर मनिहारन सीट पर भी हिस्सेदारी चाहती है.
कांग्रेस ने सातों पर लड़ने के दिए संकेत
सहारनपुर जिले में विधानसभा की कुल सात सीटें हैं. कांग्रेस इन सात सीटों में से पांच पर अपनी हिस्सेदारी चाहती है. इनमें बेहट, सहारनपुर देहात, गंगोह, नकुड़ और रामपुर मनिहारन सीट शामिल हैं, लेकिन सपा ने बेहट और सहारनपुर देहात पर अपने प्रत्याशी घोषित करके यह संकेत दिया है कि वह अपनी जीती हुई सीटों को गठबंधन के नाम पर आसानी से छोड़ने को तैयार नहीं है. कांग्रेस की तरफ से भी सियासी दबाव बढ़ाया जा रहा है. पार्टी ने जिले की सभी सात सीटों पर चुनाव लड़ने का संकेत देकर गठबंधन की बातचीत के बीच अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश की है.
पहले दामाद को तोड़ा, अब दावेदारी वाली सीट पर प्रत्याशी
अखिलेश यादव ने सहारनपुर में इमरान मसूद को जवाब देने के लिए सीधे बयानबाजी का रास्ता नहीं चुना, बल्कि सियासी चालों से दबाव बनाने की कोशिश की. पहले इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद को कांग्रेस से तोड़कर सपा में शामिल कराया. शायान मसूद पूर्व केंद्रीय मंत्री काजी रशीद मसूद के पौत्र हैं और 2024 के लोकसभा चुनाव में अपने ससुर इमरान मसूद के लिए प्रचार भी कर चुके थे. लेकिन अब ससुर और दामाद की राजनीतिक राहें अलग हो चुकी हैं.
20 अगस्त को लखनऊ में अखिलेश यादव ने शायान मसूद और उनके पिता शाजान मसूद को समाजवादी पार्टी में शामिल कराया. शायान पहले कांग्रेस में थे और सपा सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री भी रह चुके हैं. उनके सपा में आने को सहारनपुर में कांग्रेस और इमरान मसूद के लिए राजनीतिक झटका माना गया. शायान ने पार्टी बदलने के बाद इमरान मसूद से वैचारिक मतभेद भी खुलकर जाहिर किए. उन्होंने कहा कि बीजेपी को हराना है तो बीजेपी के खिलाफ बोलना होगा, लेकिन इमरान मसूद अखिलेश यादव पर हमला कर रहे हैं. शायान ने अखिलेश यादव को बीजेपी को हराने का सबसे प्रभावी विकल्प बताया.
अखिलेश के फैसले से इमरान मसूद की दावेदारी को झटका?
सपा की ओर से बेहट और सहारनपुर देहात सीट पर प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है. उन्होंने सीटों पर बातचीत जारी रहने के बीच प्रत्याशी घोषित किए जाने पर सवाल उठाए. इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस कोई भीख मांगने वाली पार्टी नहीं है. उन्होंने गठबंधन की गंभीरता पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले तय होना चाहिए कि बीजेपी से लड़ना है या कांग्रेस से. इमरान मसूद के भतीजे हमजा नोमान मसूद ने भी सपा की प्रत्याशी घोषणा पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी दबाव में नहीं आएगी और सहारनपुर की सातों सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ सकती है.
सपा अपनी जीती सीटें कांग्रेस को क्यों दे?
इस बीच समाजवादी पार्टी के नेताओं का तर्क है कि बेहट और सहारनपुर देहात जैसी सीटों पर पार्टी के मौजूदा विधायक हैं. 2022 में दोनों सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की थी. संगठनात्मक स्तर पर भी पार्टी इन सीटों पर मजबूत स्थिति में होने का दावा करती है. ऐसे में गठबंधन के नाम पर अपनी जीती हुई सीटें कांग्रेस को देने का सवाल क्यों उठे? सपा की रणनीति सीटों पर अपने चुनावी प्रदर्शन, संगठन की मजबूती और प्रत्याशी की जीतने की क्षमता के आधार पर दावेदारी तय करने की बताई जा रही है. पार्टी के भीतर यह तर्क भी दिया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक हैसियत ऐसी नहीं है कि वह सीटों के मामले में सपा पर दबाव बना सके.
गठबंधन बना तो बीजेपी के सामने चुनौती, टूटा तो वोटों का बिखराव
सहारनपुर की सात विधानसभा सीटों पर सपाकांग्रेस गठबंधन का चुनावी गणित काफी अहम है. दोनों दल एक साथ चुनाव लड़ते हैं तो उनके वोटों का समन्वय और संगठनात्मक ताकत बीजेपी के सामने चुनौती खड़ी कर सकती है. मुस्लिम मतदाताओं, ग्रामीण क्षेत्रों के जातीय समीकरण और स्थानीय प्रत्याशियों की लोकप्रियता चुनावी परिणाम को प्रभावित करने वाले कारक हो सकते हैं, लेकिन अगर सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बनी और दोनों दल अलगअलग चुनाव मैदान में उतरते हैं तो उनके वोटों का बिखराव भी हो सकता है. ऐसी स्थिति में बीजेपी को चुनावी समीकरणों में फायदा मिलने की संभावना बन सकती है.