सर्दी आने के साथ ही बाजार में सिंघाड़े नजर आने लगते हैं. पानी में पनपने के कारण इसमें पोषक तत्व भी ज्यादा होते हैं. भारत में सिंघाड़ा बिहार, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब और तमिलनाडु में उगाया जाता है. ICAR की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह मुख्य रूप से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में उगने वाली फसल बताती है. पूरे देश में लगभग 16,900 हेक्टेयर में इसकी खेती होती है.

सबसे ज्यादा पैदावार… देश में सबसे ज्यादा सिंघाड़े की पैदावार मध्य प्रदेश में होती है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य प्रदेश के जबलपुर के सिहोरा को प्रदेश की सबसे बड़ी सिंघाड़ा मंडी कहा जाता है. जबलपुर में लगभग दो हजार एकड़ में सिंघाड़ा होता है. इसी जिले का बूढ़ा सागर तालाब अपने मीठे सिंघाड़े के लिए जाना जाता है. 10 हजार क्विंटल से ज्यादा की फसल लगी बताई गई है.
कहां ज्यादा उगता है… सिंघाड़ा पानी की फसल है, इसलिए जहां तालाब, पोखर और झीलें ज्यादा हैं, वहां इसकी खेती फलतीफूलती है. इसके पीछे कुछ बड़े कारण हैं. जैसे यह पौधा पोषक तत्वों से भरपूर, नरम पानी में पनपता है, जिसका pH न्यूट्रल से हल्का क्षारीय हो. पारंपरिक तौर पर इसकी खेती तीन से पांच फीट गहरे जलाशयों में की जाती है.
जलवायु, बाढ़ और जलभराव का कनेक्शन… गर्मी और सर्दी का संतुलित मौसम सिंघाड़े की फसल के लिए अनुकूल रहता है. इसकी रोपाई मानसून के समय जुलाई में होती है और फसल सर्दियों तक चलती है. बिहार के एक किसान के मुताबिक उनके जिले में नवंबरदिसंबर तक खेतों में पानी भरा रहता है. बाढ़ और जलभराव वाली ज़मीन का उपयोग होता है. जहां धान या गेहूं नहीं हो पाते, वहां जलभराव वाली ज़मीन पर सिंघाड़ा विकल्प बन जाता है.
कम लागत वाली फसल… कम लागत के कारण कई राज्यों में इसका दायरा बढ़ता गया. इसलिए जिन इलाकों में तालाब पहले से हैं, वहां किसान इसे आसानी से अपना लेते हैं. सिहोरा जैसी बड़ी मंडी होने से किसानों को खरीदार आसानी से मिल जाते हैं और पीढ़ियों से चली आ रही खेती की परंपरा भी इसे मजबूत बनाती है.
क्यों खाना फायदेमंद… सिंघाड़े में प्रोटीन 20% तक, स्टार्च लगभग 52% और वसा लगभग 1% तक होती है. इसमें फाइबर, विटामिन B, कैल्शियम, पोटैशियम, आयरन और जिंक भी पाए जाते हैं, यानी यह ऊर्जा देने वाला और कम वसा वाला फल है. नवरात्र और एकादशी जैसे व्रतों में सिंघाड़े का आटा इस्तेमाल होता है. सर्दियों में ताजा सिंघाड़ा सस्ता और आसानी से मिल जाता है.