सोमवार, 23 नवंबर 2026 ब्रेकिंग
अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट सस्पेंड, सोशल मीडिया पेज गायब, जानें क्या है वजह​ | IND vs NZ: बैकफूट पर थी न्यूजीलैंड टीम, जीत के करीब थी टीम इंडिया, शुभमन गिल की इस गलती की वजह से मिली शर्मनाक हार​ | 2027 की तैयारी में जुटी BJP, लखनऊ में कोर ग्रुप की हुई बैठक; SIR समेत इन मुद्दों पर फोकस​
दिल्ली 32°C ☀️ |
728 x 90 Advertisement
विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
Business

Explained: Jensen Huang की हुई CEO पद पर वापसी, Nvidia को क्यों लेना पड़ा U-Turn?​

दुनिया की दिग्गज AI चिप निर्माता कंपनी Nvidia में बड़ा उलटफेर हुआ है. कंपनी के कोफाउंडर और CEO जेन्सेन हुआंग की एक बार फिर वापसी हो गई है. कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने सर्वसम्मति से उन्हें दोबारा प्रेसिडेंट और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर बनाने का फैसला किया है. यह फैसला ऐसे समय आया है, जब […]

दुनिया की दिग्गज AI चिप निर्माता कंपनी Nvidia में बड़ा उलटफेर हुआ है. कंपनी के कोफाउंडर और CEO जेन्सेन हुआंग की एक बार फिर वापसी हो गई है. कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने सर्वसम्मति से उन्हें दोबारा प्रेसिडेंट और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर बनाने का फैसला किया है. यह फैसला ऐसे समय आया है, जब हुआंग का नाम चीन से जुड़े कथित जासूसी मामले और निजी रिश्तों को लेकर विवादों में घिरा हुआ था.

खास बात यह है कि इस फैसले से पहले अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी बातचीत की गई. Nvidia के बोर्ड ने कहा कि उसे मिले इनपुट के आधार पर हुआंग की वापसी से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस फैसले का स्वागत किया है. लेकिन हुआंग की वापसी के बावजूद विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. कंपनी ने साफ किया है कि विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े मामले की स्वतंत्र जांच जारी रहेगी. आइए समझते हैं कि Nvidia को जेन्सेन हुआंग के मामले में यूटर्न क्यों लेना पड़ा? वहीं हुआंग की वापसी इतनी अहम क्यों है.

Nvidia ने जेन्सेन हुआंग को दोबारा CEO क्यों बनाया?

NVIDIA ने घोषणा की कि तत्काल प्रभाव से, जेन्सेन हुआंग को फिर से अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा बोर्ड के सदस्य के रूप में बहाल कर दिया गया है. बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने जेन्सेन हुआंग के साथ कई दौर की चर्चा और बैठकों के बाद, उन्हें बहाल करने के लिए सर्वसम्मति से मतदान किया. इन चर्चाओं के बाद, बोर्ड उनकी स्पष्टवादिता और NVIDIA का नेतृत्व करने की उनकी क्षमता से संतुष्ट था. इस निर्णय तक पहुंचने के लिए, बोर्ड को अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से इनपुट प्राप्त हुआ. इसी इनपुट के आधार पर, बोर्ड को पूरा भरोसा है कि जेन्सेन हुआंग की बहाली से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है.

बोर्ड के अध्यक्ष हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि बोर्ड का मानना ​​है कि NVIDIA का नेतृत्व करने के लिए जेन्सेन ही सही व्यक्ति हैं. उन्हें फिर से इस पद पर लाना हमारे शेयरधारकों, कर्मचारियों, साझेदारों और ग्राहकों के हित में है. हमें जेन्सेन पर पूरा भरोसा है और हम उनके साथ फिर से काम करने के लिए उत्सुक हैं. हम कोलेट क्रेस्स के भी आभारी हैं, जिन्होंने NVIDIA की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के साथसाथ, अंतरिम CEO के तौर पर भी बेहतरीन काम किया है. हार्वे जोन्स बोर्ड के अध्यक्ष बने रहेंगे.

जेन्सेन हुआंग ने क्या कहा?

जेन्सेन हुआंग ने कहा कि NVIDIA में वापस आना और दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक का नेतृत्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है. मैं पूरी विनम्रता और नए संकल्प के साथ इस जिम्मेदारी को स्वीकार करता हूं. मैं NVIDIA बोर्ड को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और इस पूरी प्रक्रिया के दौरान सोचसमझकर निर्णय लिया. मैं विशेष रूप से हार्वे जोन्स का आभारी हूं, जिन्होंने अध्यक्ष के रूप में शानदार नेतृत्व किया. साथ ही, मैं कोलेट क्रेस्स और हमारी एग्जीक्यूटिव टीम का भी धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने इस दौरान NVIDIA को बखूबी संभाला. मैं अपने कर्मचारियों, शेयरधारकों, इंडस्ट्री के अन्य लीडर्स और दुनिया भर के साझेदारों का भी उनके असाधारण समर्थन के लिए तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं. सबसे बढ़कर, मैं अपने परिवार के प्यार और समर्थन के लिए आभारी हूं. मैं जल्द से जल्द काम पर वापस लौटने के लिए उत्साहित हूं.

आखिर किस विवाद में फंसे थे जेन्सेन हुआंग?

जेन्सेन हुआंग की वापसी के पीछे की कहानी काफी दिलचस्प है. विवाद की शुरुआत उनकी एक चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ कथित निजी संबंधों को लेकर हुई थी. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को आशंका थी कि एलिस हुआंग के चीन से जुड़े खुफिया नेटवर्क से संबंध हो सकते हैं. वह सिंगापुर स्थित कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी थीं, जो Nvidia की ग्राहक बताई गई है.

रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि अमेरिकी अधिकारियों को आशंका थी कि जेन्सेन हुआंग को विदेशी खुफिया गतिविधियों के लिए निशाना बनाया गया हो सकता है. इसके बाद Nvidia के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू की. हुआंग ने अपने निजी रिश्तों को लेकर कर्मचारियों के सामने गलती स्वीकार की थी और अपने परिवार से माफी भी मांगी थी. चीन की जासूसी से जुड़े आरोपों को अंतिम रूप से साबित नहीं किया गया है. यही वजह है कि कंपनी की स्वतंत्र जांच अभी भी जारी है.

12 नवंबर को छोड़ दिया था CEO का पद

जेन्सेन हुआंग ने 12 नवंबर 2026 को Nvidia के CEO पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद कंपनी ने अपनी चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO की जिम्मेदारी सौंपी थी. हुआंग के इस्तीफे के बाद कंपनी के सामने नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई थी. बोर्ड ने नए CEO की तलाश भी शुरू कर दी थी. 17 नवंबर को हुआंग ने पहली बार सार्वजनिक बयान जारी करते हुए संकेत दिया कि अगर बोर्ड चाहे तो वह दोबारा CEO की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा था कि Nvidia एक ऐसी कंपनी है, जो एक पीढ़ी में एक बार बनती है. अगर बोर्ड को लगता है कि उनकी वापसी कंपनी, कर्मचारियों और शेयरधारकों के हित में है, तो वह इस जिम्मेदारी को दोबारा संभालने के लिए तैयार हैं. अब बोर्ड ने उनकी वापसी को मंजूरी दे दी है.

डोनाल्ड ट्रंप ने भी किया फैसले का स्वागत

जेन्सेन हुआंग की वापसी को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सरकार के पास यह मानने की कोई वजह नहीं है कि हुआंग की Nvidia में वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा होगा. यह बयान इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि Nvidia अमेरिका की सबसे अहम टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक है. इसके AI चिप्स का इस्तेमाल दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और सुपरकंप्यूटिंग के क्षेत्र में किया जाता है. ऐसे में कंपनी के नेतृत्व से जुड़ा कोई भी विवाद केवल कारोबारी मामला नहीं रहता, बल्कि अमेरिका की टेक्नोलॉजी और राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ जाता है.

जांच अभी खत्म नहीं हुई, Nvidia ने उठाए ये कदम

जेन्सेन हुआंग की वापसी के बावजूद Nvidia ने जांच बंद नहीं की है. कंपनी के मुताबिक, स्वतंत्र निदेशकों की एक कमेटी इस पूरे मामले की जांच जारी रखेगी. इस जांच में स्वतंत्र कानूनी सलाहकारों की मदद ली जा रही है. हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है. इसके अलावा कंपनी ने राष्ट्रीय सुरक्षा और एक्सपोर्ट कंट्रोल से जुड़े जोखिमों पर नजर रखने के लिए अलग कमेटी बनाई है. Nvidia अब एक नए चीफ कंप्लायंस ऑफिसर की नियुक्ति भी करेगी. यह अधिकारी कंपनी में नियमों के पालन और अनुपालन से जुड़े मामलों की निगरानी करेगा. कंपनी ने यह भी कहा है कि वह अमेरिकी सरकार की जारी जांच और पूछताछ में सहयोग करती रहेगी.

Nvidia के लिए जेन्सेन हुआंग इतने अहम क्यों हैं?

जेन्सेन हुआंग Nvidia के सहसंस्थापक हैं. उन्होंने 1993 में इस कंपनी की शुरुआत की थी. शुरुआत में Nvidia मुख्य रूप से वीडियो गेम के लिए ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट बनाती थी. लेकिन हुआंग की रणनीति ने कंपनी को AI की दुनिया का सबसे बड़ा चिप सप्लायर बना दिया. आज Nvidia के GPU का इस्तेमाल ChatGPT जैसे AI मॉडल की ट्रेनिंग, डेटा सेंटर, क्लाउड कंप्यूटिंग और सुपरकंप्यूटर में किया जाता है. AI इंडस्ट्री में Nvidia की मजबूत स्थिति के पीछे हुआंग की लंबी अवधि की रणनीति और लगातार रिसर्च एवं डेवलपमेंट पर निवेश को बड़ी वजह माना जाता है. यही कारण है कि उनके इस्तीफे के बाद कंपनी के नेतृत्व को लेकर बाजार में चिंता पैदा हुई थी.

अब आगे क्या होगा?

जेन्सेन हुआंग की वापसी से Nvidia में नेतृत्व को लेकर बनी अनिश्चितता खत्म हो गई है. कंपनी को एक बार फिर उसका अनुभवी संस्थापक और CEO मिल गया है. आने वाले समय में कंपनी के सामने दो बड़ी चुनौतियां होंगी. पहली, AI चिप बाजार में अपनी बादशाहत बनाए रखना और दूसरी, चीन से जुड़े जासूसी विवाद तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों का जवाब देना. Nvidia के लिए यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अमेरिका और चीन के बीच सेमीकंडक्टर और AI टेक्नोलॉजी को लेकर पहले से ही तनाव बना हुआ है. ऐसे में जेन्सेन हुआंग की वापसी कंपनी के लिए राहत की खबर है, लेकिन स्वतंत्र जांच के नतीजे और अमेरिकी सरकार के साथ उसके रिश्ते आने वाले समय में काफी अहम रहने वाले हैं.

विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
शेयर करें:
Author Bio Pic

संपादकीय टीम

खबर मंकी की अनुभवी एडिटोरियल डेस्क। हमारे लेखक और संपादक दिन-रात निष्पक्ष, सटीक और तीव्र समाचार आप तक पहुँचाने के लिए काम करते हैं।

🐒 KHABAR MONKEY