Kanpur News: कानपुर जिले में एक बॉयज हॉस्टल के कमरे से 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. युवक की मौत करीब पांच से छह दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है. सोमवार शाम कमरे से तेज दुर्गंध आने पर हॉस्टल में रहने वाले दूसरे छात्रों को शक हुआ. उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो अंदर युवक का शव पड़ा मिला. पुलिस को कमरे से एक डायरी भी मिली है, जिसमें जिंदगी और मौत से जुड़ी कुछ बातें लिखी हुई हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

कमरे से दुर्गंध आने पर खुला मामला
यह घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पनकी रोड स्थित एक बॉयज हॉस्टल की है. यहां केशव कुमार नाम का युवक एक कमरे में रह रहा था. सोमवार शाम अचानक उसके कमरे के आसपास तेज दुर्गंध फैलने लगी. शुरुआत में हॉस्टल में रहने वाले दूसरे छात्रों को इसकी वजह समझ नहीं आई, लेकिन जब बदबू लगातार बढ़ने लगी तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद छात्रों ने पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो अंदर युवक का शव मिला. शव की हालत देखकर आशंका जताई गई कि उसकी मौत कई दिन पहले हो चुकी थी.
बरेली का रहने वाला था केशव
मृतक की पहचान केशव कुमार के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बरेली का रहने वाला था. केशव करीब एक साल पहले काम की तलाश में कानपुर आया था. यहां वह एक हॉस्टल में रहकर काम कर रहा था. उसके परिवार में पिता गोपाल वर्मा, बड़ा भाई कार्तिक और बहन लक्ष्मी हैं. युवक की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में दुख का माहौल है. पुलिस परिजनों से भी संपर्क कर मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रही है.
डायरी में लिखी मिली जिंदगी और मौत की बातें
पुलिस को केशव के कमरे की तलाशी के दौरान एक डायरी भी मिली है. इसमें जिंदगी और मौत से जुड़ी कुछ बातें लिखी हुई हैं. डायरी में एक लाइन लिखी मिली है ‘एक दिन सबको मरना है.’ पुलिस इस डायरी को जांच का अहम हिस्सा मानकर देख रही है. हालांकि डायरी में लिखी बातों के आधार पर पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है. यह भी जांच की जा रही है कि युवक किसी तरह की परेशानी से गुजर रहा था या उसकी मौत के पीछे कोई दूसरी वजह थी.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने हॉस्टल के कमरे की बारीकी से जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. पुलिस के मुताबिक, शव की हालत देखकर अनुमान है कि युवक की मौत करीब पांच से छह दिन पहले हुई होगी.