Indore News: मध्य प्रदेश के बहुचर्चित डबल मर्डर केस में पुलिस जांच के दौरान रिश्तों को झकझोर देने वाले खुलासे सामने आए हैं. कालानी नगर में राजू यादव और उनकी बेटी हर्षिता की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी हर्ष यादव राजू यादव का सगा बेटा नहीं, बल्कि करीब 28 साल पहले आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिचित से गोद लिया हुआ बेटा था. जांच में सामने आया है कि मकान बेचने से मिले पैसों के बंटवारे और संपत्ति को लेकर उपजे विवाद ने खूनी रूप ले लिया. हत्या से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और शव मिलने के घटनाक्रम ने पूरे मामले के कई चौंकाने वाले पहलू उजागर किए हैं.

पुलिस के मुताबिक, राजू यादव ने हाल ही में मल्हारगंज स्थित अपना मकान करीब 50 लाख रुपये में बेचा था, जिसमें से लगभग 25 लाख रुपये उन्होंने बेटी हर्षिता के नाम पर प्लॉट खरीदने के लिए दिए और शेष रकम अपने पास रखी. इसी बात से हर्ष नाराज था और खुद भी पिता से पैसों की मांग कर रहा था, जिसे लेकर घर में विवाद व मारपीट भी हुई थी.
जांच में खुलासा हुआ कि हर्ष राजू यादव का जैविक बेटा नहीं है. करीब 28 साल पहले परिचित परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए राजू यादव ने उसे गोद लेकर अपने बेटे की तरह पाला था. शुरुआती पूछताछ में हर्ष के 17 वर्षीय नाबालिग साथी ने भी संपत्ति विवाद को दोनों हत्याओं की वजह बताया है.
CCTV में कैद 40 सेकंड की चीखें, हत्या से पहले रातभर पिता को करती रही फोन
हर्षिता की हत्या से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, 19 नवंबर की सुबह 6:16 बजे हर्ष पैदल घर पहुंचा और कुछ सेकंड बाद उसका 17 वर्षीय नाबालिग साथी रिक्शा से वहां आया. सुबह 6:17 बजे दरवाजा खुलते ही हर्ष ने हर्षिता पर हमला किया. CCTV में उसकी चीखें करीब 40 सेकंड तक सुनाई दीं. पुलिस जांच के मुताबिक, स्कार्फ से गला घोंटकर हत्या करने के बाद दोनों आरोपी सुबह करीब 6:20 बजे घर से निकल गए.
जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या से पहले हर्षिता 18 नवंबर की रात से 19 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे तक लगातार अपने पिता राजू यादव को फोन करती रही थी. इसके महज दो घंटे बाद सुबह 6:17 बजे उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस अब यह खंगाल रही है कि वह किस परेशानी में थी या किस विवाद पर पिता से बात करना चाहती थी.
10 किलोमीटर दूर कचरे में फेंका पिता का शव, बाएं हाथ का पंजा कटा मिला
पुलिस के अनुसार, हर्षिता की हत्या से करीब दो दिन पहले पिता राजू यादव की गांधी नगर क्षेत्र के अरिहंत नगर स्थित किराए के मकान में धारदार हथियार से हत्या की गई थी. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को चादर में लपेटा और करीब 10 किलोमीटर दूर हातोद थाना क्षेत्र के जम्बूड़ी हप्सी में बड़ी कलमेर और माली बड़ोदिया के बीच पुलिया के पास कचरे में फेंक दिया. शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने शव बरामद किया, जिसमें राजू यादव के बाएं हाथ का पंजा कटा मिला. फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल, विवादों और वारदात के हर पहलू की गहन जांच कर रही है.