उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और रायबरेली से बीजेपी के एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने जिले की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है. उन्होंने लिखा है कि भाई के हिस्से का हक, यश और धनदौलत लेकर जीने से बेहतर है कि राजनीति से संन्यास लेकर अभाव में स्वाभिमान के साथ जीवन बिताया जाए. पोस्ट में उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों को भी जवाब दिया है. सबसे ज्यादा चर्चा उनकी इस लाइन की हो रही है जो राम का नहीं, वह किसी के काम का नहीं.

दिनेश प्रताप सिंह ने अपनी पोस्ट की शुरुआत यतो धर्मस्ततो जयः से की. इसके बाद लिखा, ‘मेरे लिए भाई के हिस्से का हक, यश, धनदौलत लेकर जीने से अच्छा है राजनीति से संन्यास लेकर अभाव में स्वाभिमान से जी लेने का मार्ग सर्वोत्तम धर्म होगा.’ उन्होंने आगे लिखा, ‘सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों, दिनेश सिंह के आचरण, विचारों और त्याग की गहराई नापना तुम्हारे बस की बात नहीं. जो राम का नहीं, वह किसी के काम का नहीं.’
भाई राकेश सिंह के नाम से जुड़ रही पोस्ट की चर्चा
दिनेश प्रताप सिंह की पोस्ट में भाई के हिस्से का हक और जो राम का नहीं लिखे जाने के बाद उनके भाई राकेश सिंह का नाम चर्चा में है. राकेश सिंह हरचंदपुर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं. उन्होंने 2017 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता था. 2022 के विधानसभा चुनाव में वह बीजेपी के उम्मीदवार थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.
दिनेश प्रताप सिंह और राकेश सिंह रायबरेली के प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से आते हैं. इस परिवार को पंचवटी परिवार के नाम से भी जाना जाता है. दिनेश प्रताप सिंह के भाई अवधेश सिंह रायबरेली जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं. परिवार के दूसरे सदस्य भी जिले की राजनीति में सक्रिय रहे हैं. ऐसे में दिनेश प्रताप सिंह की पोस्ट में भाई के प्रति हक, त्याग और निष्ठा की बात को परिवार के भीतर के राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है.
हरचंदपुर सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा क्यों?
दिनेश प्रताप सिंह की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि वह हरचंदपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं. इस सीट से उनके भाई राकेश सिंह विधायक रह चुके हैं. ऐसे में दिनेश प्रताप सिंह के नाम को लेकर संभावित उम्मीदवार के तौर पर चर्चा की जा रही है. हालांकि, दिनेश प्रताप सिंह ने अपनी पोस्ट में हरचंदपुर सीट, विधानसभा चुनाव लड़ने या किसी राजनीतिक पद को लेकर कोई घोषणा नहीं की है.
मंत्री पद पर हैं दिनेश प्रताप सिंह
दिनेश प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार और कृषि निर्यात विभाग के राज्यमंत्री हैं. वह बीजेपी से विधान परिषद सदस्य भी हैं. इससे पहले वह कांग्रेस में रह चुके हैं और 2018 में बीजेपी में शामिल हुए थे. 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें रायबरेली से सोनिया गांधी के खिलाफ मैदान में उतारा था. इस चुनाव में वह हार गए थे. 2024 में बीजेपी ने उन्हें राहुल गांधी के खिलाफ मैदान में उतारा था. हालांकि फिर हार गए थे.