Chhattisgarh Youth Trapped Russia: के 2 युवक नौकरी करने गए थे, लेकिन उनके परिवार का कहना है वहां उनको बंधक बना लिया गया है। आरोप है कि टेलीग्राम के जरिए आकर्षक वेतन पर नौकरी का ऑफर देकर दोनों युवकों को रूस बुलाया गया था। वहां पहुंचने के बाद उन्हें नशीले पदार्थों के झूठे मामलों में फंसाकर हिरासत में ले लिया गया।

इतना ही नहीं, उन्हें 15 से 20 साल तक जेल में रहने या रूसी सेना में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ितों के परिजनों ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से दोनों युवकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी की गुहार लगाई है।
टेलीग्राम पर मिला नौकरी का ऑफर, रूस पहुंचे दोनों युवक
जानकारी के मुताबिक, के गुढ़ियारी निवासी 38 वर्षीय टिकेश्वर साहू और जिले के बिल्हा निवासी 21 वर्षीय विनीत कुमार दुबे नौकरी की तलाश में रूस गए थे। दोनों को टेलीग्राम के माध्यम से नौकरी का प्रस्ताव मिला था। संबंधित लोगों ने उनके टिकट, वीजा और रहने की व्यवस्था करने का भरोसा दिया था।
टिकेश्वर साहू को सेल्स और मार्केटिंग के क्षेत्र में 17 साल का अनुभव है। वह करीब 10 साल पहले दुबई में भी काम कर चुके हैं। उन्हें रूस में अच्छे वेतन पर नौकरी का प्रस्ताव मिला था। कंपनी की ओर से दिल्ली से मॉस्को और फिर वोल्गोग्राद तक का टिकट और वीजा उपलब्ध कराया गया था।
टिकेश्वर 7 सितंबर 2026 को रूस पहुंचे थे। उन्होंने परिवार को बताया था कि इंटरव्यू और काम की जानकारी लेने के बाद ही वहां रुकने का फैसला करेंगे। यदि काम पसंद नहीं आया तो 23 सितंबर के रिटर्न टिकट से वापस लौट आएंगे। हालांकि, 16 सितंबर के बाद उनसे परिवार का संपर्क टूट गया।
दुकान में काम का मिला था ऑफर, संपर्क टूटने से परिवार परेशान
बिलासपुर के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे 1 अक्टूबर को रूस पहुंचे थे। उनकी बहन आशी दुबे के मुताबिक, उन्हें टेलीग्राम के जरिए एक दुकान के स्टोरेज रूम में काम करने का ऑफर मिला था। संबंधित लोगों ने उनके टिकट और वीजा का इंतजाम भी किया था।
रूस पहुंचने के कुछ दिन बाद विनीत ने परिवार से भारत लौटने की इच्छा जताई थी। उन्होंने पैसों की जरूरत भी बताई थी। इसके बाद अचानक उनसे संपर्क टूट गया। परिवार ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
झूठे नशीले पदार्थों के केस में फंसाने का आरोप
दोनों युवकों के परिजनों का आरोप है कि रूस में उन्हें नशीले पदार्थों से जुड़े झूठे मामलों में फंसाकर हिरासत में रखा गया है। युवकों पर 15 से 20 साल तक जेल में रहने या रूसी सेना में शामिल होने का विकल्प चुनने का दबाव बनाया जा रहा है।
विनीत की बहन ने आरोप लगाया कि ‘वहां उनके भाई को ठीक से भोजन तक नहीं दिया जा रहा है। खाने में गाय और सूअर का मांस दिया जाता है। भोजन में थूकने और विरोध करने पर प्रताड़ित करने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं।’
परिजनों को दी विनीत के आत्महत्या की झूठी खबर
परिजनों के मुताबिक, विनीत को वकील उपलब्ध कराने के नाम पर एक अज्ञात नंबर से 7 लाख रुपये की मांग की गई थी। पैसे नहीं देने पर 27 अक्टूबर को उनके पिता को विनीत की आत्महत्या की झूठी सूचना भेज दी गई। यह खबर सुनकर उनके पिता को दिल का दौरा पड़ गया।
वीडियो जारी कर विनीत ने आत्महत्या की खबर का किया खंडन
बाद में विनीत ने एक वीडियो जारी कर अपनी आत्महत्या की खबर को गलत बताया। वीडियो में उन्होंने बताया कि, एयरपोर्ट के आसपास से लोगों को ले जाकर बंदूक दिखाकर धमकाया जा रहा है। उनके मुताबिक, वहां सिर्फ भारतीय ही नहीं, बल्कि दूसरे देशों के नागरिक, छात्र और पर्यटक भी फंसे हुए हैं।
इस वीडियो के सामने आने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है। परिजन लगातार सरकार से हस्तक्षेप करने और विनीत की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
पत्नी को फोन कर रोए टिकेश्वर, दवाइयां नहीं मिलने की शिकायत
वहीं टिकेश्वर साहू ने 22 अक्टूबर को रूस के एक नंबर से अपनी पत्नी मनोरमा साहू को फोन किया था। इस दौरान वह रोने लगे और बताया कि उन्हें पुलिस ने फंसा दिया है।
परिवार ने रूस में पढ़ रहे भारतीय छात्रों की मदद से एक वकील की व्यवस्था की। वकील को 25 अक्टूबर को वोल्गोग्राद में टिकेश्वर से मिलने की अनुमति मिली। मुलाकात के दौरान टिकेश्वर ने बताया कि 22 अक्टूबर से उनकी तबीयत खराब है। उन्हें उच्च रक्तचाप, थायराइड और साइटिका की नियमित दवाइयां भी नहीं दी जा रही हैं।
परिजनों के मुताबिक, वकील ने अधिकारियों से गिरफ्तारी से जुड़े फुटेज और अन्य जानकारियां मांगीं, लेकिन उन्हें कोई दस्तावेज या जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।
विदेश मंत्रालय और दूतावास से लगाई मदद की गुहार
दोनों युवकों के परिवारों ने स्थानीय पुलिस, प्रशासन, विदेश मंत्रालय और भारत तथा रूस के दूतावास को ईमेल भेजकर मदद मांगी है। परिजनों का कहना है कि, ‘अब तक उन्हें युवकों की सुरक्षा और उनकी वापसी को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।’
टिकेश्वर साहू के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और बुजुर्ग मातापिता हैं। वहीं, विनीत के पिता की तबीयत भी खराब रहती है। दोनों परिवार अपने बच्चों की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं।
परिजनों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि विदेश मंत्रालय के माध्यम से रूस में फंसे दोनों युवकों को तत्काल कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जल्द से जल्द भारत वापस लाया जाए।