गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ब्रेकिंग
नेताओं की हर गतिविधियों पर होगी नजर… UP चुनाव से पहले बीजेपी का बड़ा कदम, 5 सदस्यीय अनुशासन समिति गठित​ | कमजोरी नहीं, रुपए की मजबूती बनेगी अगले साल भारत की सबसे बड़ी परीक्षा! CEA के बयान ने चौंकाया​ | गोरखपुर में BJP नेता के बेटे की मौत पर बवाल, सपा के रोड शो में शामिल बुलडोजर के चपेट में आने का आरोप​
दिल्ली 32°C ☀️ |
728 x 90 Advertisement
विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
Business

कमजोरी नहीं, रुपए की मजबूती बनेगी अगले साल भारत की सबसे बड़ी परीक्षा! CEA के बयान ने चौंकाया​

मौजूदा साल में ईरान वॉर के बाद पहली बार ऐसा देखने को मिला है कि रुपए में लगातार तेजी देखने को मिल रही हो. खासकर नवंबर के महीने में रुपए में डेढ़ रुपए से ज्यादा की तेजी देखने को मिल चुकी है. लेकिन इस तेजी पर देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार का बड़ा ही चौंकाने […]

मौजूदा साल में ईरान वॉर के बाद पहली बार ऐसा देखने को मिला है कि रुपए में लगातार तेजी देखने को मिल रही हो. खासकर नवंबर के महीने में रुपए में डेढ़ रुपए से ज्यादा की तेजी देखने को मिल चुकी है. लेकिन इस तेजी पर देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार का बड़ा ही चौंकाने वाला बयान सामने आया है. देश के सीईए वी अनंत नागेश्वरन ने कहा है कि भूराजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच अगले साल भारत के सामने रुपए की कमजोरी के बजाय उसकी मजबूती को संभालने की चुनौती हो सकती है. नागेश्वरन ने उद्योग मंडल फिक्की के एक कार्यक्रम में कहा कि चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों के प्रदर्शन के आधार पर मार्च, 2027 तक देश के निर्यात के 1,000 अरब डॉलर के करीब पहुंच जाने की उम्मीद है.

पहुंच सकता है 1 ट्रिलियन डॉलर का एक्सपोर्ट

नागेश्वरन ने कहा कि चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में निर्यात का आंकड़ा 568 अरब डॉलर रहा है. इसे 12 महीने के आधार पर देखें तो हम आसानी से 1,000 अरब डॉलर के आंकड़े के करीब पहुंच सकते हैं. कॉमर्स मिनिस्ट्री के मुताबिक, अक्टूबर में भारत का वस्तु निर्यात सालाना आधार पर करीब 45 प्रतिशत बढ़कर 49.47 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. इस महीने सेवा निर्यात का अनुमानित मूल्य 40.51 अरब डॉलर रहा. चालू वित्त वर्ष 202627 में अप्रैलअक्टूबर के दौरान देश का कुल निर्यात 16.66 प्रतिशत बढ़कर 568.84 अरब डॉलर रहने का अनुमान है. इस अवधि में कुल इंपोर्ट 16 प्रतिशत बढ़कर 662.19 अरब डॉलर रहने का अनुमान है.

रुपए की मजबूती ना बन जाए चुनौती

नागेश्वरन ने कहा कि छह महीने पहले की तुलना में हम साल के अंत में कहीं बेहतर मनोदशा और स्थिति में आगे बढ़ रहे हैं. तेल की कीमतों और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस कंपनियों के वैल्यूएशन से जुड़े मौजूदा रुझान संकेत देते हैं कि वित्त वर्ष 202728 भी वृद्धि और भारत में कैपिटल फ्लो के लिहाज से अच्छा रह सकता है. सीईए ने कहा कि कौन जानता है, अगले साल हमारी चुनौती रुपए की कमजोरी के बजाय उसकी मजबूती को संभालने की हो सकती है. उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब पिछले कुछ सप्ताह में डॉलर के मुकाबले रुपए में मजबूती आई है. रुपया आठ अक्टूबर को डॉलर के मुकाबले 96.88 के अब तक के सबसे निचले बंद स्तर पर पहुंच गया था. इसके बाद इसमें लगातार सुधार देखा गया है. बुधवार को यह 10 पैसे की बढ़त के साथ 93.41 प्रति डॉलर पर बंद हुआ.

कच्चे तेल से मिलेगी राहत

नागेश्वरन ने कहा कि कई एजेंसियों का अनुमान है कि अगले साल ब्रेंट क्रूड की कीमतें 80 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ सकती हैं. अगर ऐसा होता है, तो इससे इनपुट कॉस्ट और महंगाई में कमी आएगी, साथ ही विकास को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था को काफी फायदा हो सकता है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है, तो अगले साल ऊर्जा की कीमतें कम होने से भारत को बड़ा फायदा मिलेगा. इसका सीधा असर इनपुट कॉस्ट में कमी, महंगाई में गिरावट और विकास दर में बढ़ोतरी के रूप में देखने को मिलेगा. मौजूदा समय में ब्रेंट क्रूड के दाम गिरावट के साथ 92 डॉलर प्रति बैरल से नीचे कारोबार कर रहा है.

आरबीआई ने किए थे कई ऐलान

भारतीय रिजर्व बैंक ने रुपए को मजबूती देने के लिए 10 अक्टूबर को कई उपायों की घोषणा की थी. इनमें पेट्रोलियम कंपनियों के लिए विशेष सुविधा तैयार करना शामिल था, जिससे डॉलर की उनकी मांग हाजिर बाजार से हटाई जा सके. इसके अलावा, केंद्रीय बैंक ने फॉरेन करेंसी डेरिवेटिव सौदों के नियम सख्त किए थे, ताकि रुपए के खिलाफ सट्टेबाजी पर अंकुश लगाया जा सके. बैंकों से दो लाख डॉलर से अधिक की खरीद पर 20 प्रतिशत आरक्षित राशि रखने को भी कहा गया था.

विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
शेयर करें:
Author Bio Pic

संपादकीय टीम

खबर मंकी की अनुभवी एडिटोरियल डेस्क। हमारे लेखक और संपादक दिन-रात निष्पक्ष, सटीक और तीव्र समाचार आप तक पहुँचाने के लिए काम करते हैं।

🐒 KHABAR MONKEY