UP Cabinet Meeting Decisions: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में 30 बड़े फैसले लिए गए हैं। मीटिंग में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने से लेकर शिक्षा, टेक्नोलॉजी और खेल से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही ग्राम प्रशासकों का कार्यकाल 6 महीने बढ़ा दिया गया है। जघन्य अपराध की पीड़ित महिलाओं को अब 1 लाख से 15 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। इसके अलावा IIT कानपुर के नोएडा परिसर में डीप टेक्नोलॉजी हब का भवन बनाया जाएगा।

जघन्य अपराध पीड़ित महिलाओं को 15 लाख तक की मदद
यूपी कैबिनेट ने रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष नियमावली में नया अध्याय जोड़ने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत जघन्य अपराध की पीड़ित महिलाओं को 1 लाख से 15 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
ग्राम प्रशासकों का कार्यकाल 6 महीने बढ़ाया
उत्तर प्रदेश की 57,694 ग्राम पंचायतों में निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया गया है। इन प्रशासकों का 6 महीने का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म हो रहा है। पंचायत चुनाव में देरी और पिछड़ा वर्ग आरक्षण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के चलते सरकार ने कार्यकाल 6 महीने बढ़ाने का फैसला लिया है।
IIT कानपुर के नोएडा परिसर में बनेगा डीप टेक्नोलॉजी हब
IIT कानपुर के नोएडा परिसर में डीप टेक्नोलॉजी यूहब के भवन निर्माण के लिए 281 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस भवन का निर्माण 2 साल में पूरा करने का लक्ष्य है। सरकार का मानना है कि इससे प्रदेश में इनोवेशन को बढ़ावा मिलेगा।
आगरा में स्टेडियम निर्माण के लिए मिलेगी जमीन
यूपी कैबिनेट ने आगरा में स्टेडियम निर्माण के लिए खेल विभाग को फ्री में जमीन देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
यूपी में बनेगा राज्य सहकारी कॉलेज
उत्तर प्रदेश में राज्य सहकारी कॉलेज बनाने का भी फैसला लिया गया है।