PM Jan Dhan Yojana: नरेंद्र मोदी सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में कई खास योजनाएं शुरू कर थीं। इनमें से एक बड़ी योजना प्रधानमंत्री जनधन है। इस योजना के तहत ना सिर्फ अकाउंट खोले जाते हैं बल्कि इसमें कई खास सुविधाएं भी मिलती हैं। इनमें से एक सुविधा ओवरड्राफ्ट की भी है।

ओवरड्राफ्ट क्या है और कितनी है खाताधारकों की लिमिट
ओवरड्राफ्ट की बात करें तो इसके तहत बैंक अपने खाताधारक को खाते में जमा रकम से ज्यादा पैसे निकालने की अनुमति देता है। प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत प्रत्येक परिवार में एक पात्र खाताधारक को 10,000 रुपये तक की ओवरड्राफ्ट सुविधा उपलब्ध है। अगर खाते में जीरो बैलेंस है तब भी पात्र खाताधारक इस सुविधा के तहत 10,000 रुपये तक इस्तेमाल कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री जनधन के खाताधारक इस सुविधा का लाभ खाते के संतोषजनक संचालन के छह महीने पूरे होने के बाद उठा सकता है। मतलब ये हुआ कि सही ढंग से छह महीने तक चलाए जाने के बाद खाताधारक ओवरड्राफ्ट की सुविधा का लाभ ले सकते हैं। हालांकि, इसके लिए योजना के तहत निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करना जरूरी है।
प्रधानमंत्री जनधन खाता खोलने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की बात करें तो आधार कार्ड शामिल है। इसके अलावा, आईडी प्रूफ में वोटर आईडी, पैन कार्ड या राशन कार्ड में से कोई एक जरूरी होगा। स्थायी पते का प्रमाण भी चाहिए। इसमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, बिजली, टेलीफोन या पानी का बिल चलेगा। पासपोर्ट साइज की फोटो, विधिवत भरा और हस्ताक्षरित जनधन खाता खोलने का फॉर्म भी अनिवार्य है।
खाता खोलने के लिए कौन पात्र है?
प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत सभी भारतीय नागरिक बैंक खाता खोलने के पात्र हैं। जिन लोगों के पास पहले से कोई बैंक खाता नहीं है, उनके लिए बुनियादी बचत बैंक खाता खोला जाता है। इस खाते में न्यूनतम बैलेंस बनाए रखने की भी कोई अनिवार्यता नहीं है। इच्छुक व्यक्ति, बैंक शाखा या बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट/बैंक मित्र आउटलेट पर जाकर खाता खोल सकते हैं। इसके लिए जरूरी केवाईसी दस्तावेजों के साथ आवेदन फॉर्म जमा करना होता है। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद बैंक खाता सक्रिय कर देता है। इस योजना के तहत जॉइंट अकाउंट खोलने की सुविधा भी उपलब्ध है।
बता दें कि बचत बैंक खातों पर लागू ब्याज दर प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत खोले गए खातों पर भी लागू होती है। ये खाते प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण , प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना , प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना , अटल पेंशन योजना , माइक्रो यूनिट डेवलपमेंट एंड रिफाइनेंस एजेंसी बैंक योजना के लिए पात्र हैं।