ब्रिटिश कार कंपनी MINI ने भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक कार MINI Cooper SE और खास Paul Smith Edition के लिए प्रीलॉन्च बुकिंग शुरू कर दी है. नई Cooper SE में पहले के मुकाबले बड़ी बैटरी और ज्यादा ड्राइविंग रेंज मिलेगी. वहीं, Paul Smith Edition अपने खास डिजाइन और 20 से ज्यादा नए बदलावों के कारण चर्चा में है.

इस स्पेशल एडिशन को मशहूर ब्रिटिश डिजाइनर पॉल स्मिथ के साथ मिलकर तैयार किया गया है. कंपनी इन दोनों मॉडल को 27 नवंबर 2026 को भारत में लॉन्च करेगी.
बैटरी, रेंज और परफॉर्मेंस
नई जनरेशन MINI Cooper SE पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार है. इसे सबसे पहले दुनियाभर के बाजारों में 2023 में पेश किया गया था. अब कंपनी इसे भारतीय बाजार में लाने की तैयारी कर रही है. नई Cooper SE में 54.2 kWh की बैटरी दी गई है. कंपनी के मुताबिक, यह एक बार फुल चार्ज होने पर 402 किलोमीटर तक चल सकती है. इसमें आगे की तरफ इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई है, जो 218 hp की पावर और 330 Nm का टॉर्क देती है. कंपनी का दावा है कि यह कार केवल 6.7 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 170 किलोमीटर प्रति घंटा है.
चार्जिंग की बात करें तो इसमें 7.4 kW AC चार्जिंग का विकल्प मिलेगा. इससे बैटरी को फुल चार्ज होने में करीब 7.75 घंटे लगेंगे. वहीं, 95 kW DC फास्ट चार्जर से बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में सिर्फ 30 मिनट लगेंगे. कार के अंदर 9.45 इंच की गोल OLED टचस्क्रीन दी गई है. इसके अलावा तीनस्पोक स्टीयरिंग व्हील और सेंटर कंसोल पर फिजिकल बटन मिलेंगे. इसमें डुअलजोन क्लाइमेट कंट्रोल, आगे की सीटों में हीटिंग, पैनोरमिक सनरूफ और वायरलेस चार्जिंग जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है. सेफ्टी के लिए 6 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा और ADAS जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं. हालांकि, कंपनी ने भारत में मिलने वाले सभी फीचर्स की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.
MINI Paul Smith Edition में क्या होगा खास?
MINI ने इस स्पेशल एडिशन को ब्रिटिश डिजाइनर पॉल स्मिथ के साथ मिलकर तैयार किया है. इसमें कंपनी की क्लासिक डिजाइन को नए अंदाज में पेश किया गया है. इस एडिशन में कार के एक्सटीरियर और इंटीरियर में 20 से ज्यादा खास बदलाव देखने को मिलेंगे. Paul Smith Edition को MINI Cooper S, MINI Convertible और MINI Cooper SE के साथ पेश किया जाएगा. यानी ग्राहक पेट्रोल और इलेक्ट्रिक मॉडल दोनों में इस खास डिजाइन का विकल्प चुन सकेंगे.
इस स्पेशल एडिशन में तीन कलर विकल्प मिलेंगे. इनमें Statement Grey, Inspired White और Midnight Black Metallic शामिल हैं. Statement Grey का डिजाइन 1959 की Austin Seven कार के पुराने रंग से इंसपायर्ड है. वहीं, Inspired White को क्लासिक MINI के बेज कलर से प्रेरित होकर तैयार किया गया है. Midnight Black Metallic कंपनी के मौजूदा कलर विकल्पों में से एक है. फिलहाल MINI ने इन कारों की कीमत और बुकिंग अमाउंट का खुलासा नहीं किया है. ग्राहक कंपनी की डीलरशिप पर जाकर अपनी पसंद के मॉडल के लिए बुकिंग करा सकते हैं.